हरियाणा के सिरसा और हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखे संदिग्ध गुब्बारे मिलने से हड़कंप मच गया है। इन गुब्बारों पर उर्दू और अंग्रेजी में 'पीआईए' लिखा है और पाकिस्तान के झंडे का चित्र भी बना है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।
सिरसा। प्रदेश के सिरसा (Sirsa) जिले में राजस्थान सीमा के पास स्थित खेरी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ग्रामीण के घर के बाहर सफेद और नीले रंग का एक संदिग्ध गुब्बारा मिला। यह गुब्बारा देखने में किसी छोटे हवाई जहाज (Airplane) जैसा लग रहा था, जिस पर अंग्रेजी और उर्दू भाषा में ‘PIA’ लिखा था और पाकिस्तान के झंडे का लोगो बना हुआ था। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच में गुब्बारे के भीतर कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सीमावर्ती इलाका होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
हिमाचल के चंबा में भी दिखा पाकिस्तानी गुब्बारा
ठीक इसी तरह का मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा (Chamba) जिले में भी सामने आया है। भटियात तहसील की नगाली पंचायत के शुकड़ाह गांव में एक नाले के पास ग्रामीणों ने पाकिस्तानी झंडे वाला गुब्बारा देखा। डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा के अनुसार, गुब्बारे को सुरक्षित मालखाने में रखवा दिया गया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में ऐसा ही गुब्बारा दिखाई दिया था। गौरतलब है कि इससे पहले भी हिमाचल के बिलासपुर और कांगड़ा जैसे क्षेत्रों में इस तरह के संदिग्ध गुब्बारे मिल चुके हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
सुरक्षा जांच और हाई अलर्ट पर पुलिस
पड़ोसी देश के विमानन सेवा ‘पीआईए’ लिखे ये गुब्बारे हवा के रुख के साथ भारतीय सीमा में दाखिल हुए हैं या इसके पीछे कोई और साजिश है, इसकी जांच की जा रही है। खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या ये गुब्बारे केवल प्रचार का हिस्सा हैं या इनका उपयोग किसी तरह की जासूसी के लिए किया जा रहा है। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखे, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस एक-दूसरे के संपर्क में रहकर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

