सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस बैठक में सुजुकी ने हरियाणा में निवेश (Investment) बढ़ाने और खरखौदा प्लांट में हाइब्रिड गाड़ियों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही, कुरुक्षेत्र और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रदेश में औद्योगिक क्रांति को नई गति देते हुए सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन (Suzuki Motor Corporation) ने राज्य में अपना निवेश और बढ़ाने का बड़ा वादा किया है। गुरुवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सुजुकी के CEO तोशीहिरो सुजुकी (Toshihiro Suzuki) के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। CEO ने स्पष्ट किया कि कंपनी भारत में विशेष रूप से स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड (Strong Hybrid) और सीएनजी वाहनों के निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि हरियाणा के खरखौदा प्लांट में अत्याधुनिक हाइब्रिड गाड़ियों का उत्पादन किया जाएगा और भविष्य में इलेक्ट्रिक व्हीकल (Electric Vehicle) के लिए नया प्लांट लगाने हेतु हरियाणा उनकी पहली पसंद रहेगा।

सरकार का सहयोग और बायोगैस सेक्टर में कदम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुजुकी को सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने सुजुकी को विशेष SGST इंसेंटिव (Incentive) भी प्रदान किया है, जो उद्योग के प्रति राज्य की उदार नीति को दर्शाता है। CEO सुजुकी ने जानकारी दी कि कंपनी बायोगैस सेक्टर (Biogas Sector) में भी तेजी से विस्तार कर रही है, जिसके तहत कुल 9 प्लांट लगाने की योजना है। उन्होंने राज्य की आगामी औद्योगिक नीति-2026 (Industrial Policy) में हाइब्रिड वाहनों के लिए विशेष रियायतें देने की मांग भी रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

कुरुक्षेत्र और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंध

MoU व्यापारिक चर्चा के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सेतु (Cultural Bridge) बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने जून में जापान में आयोजित होने वाली ‘अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती’ और टोक्यो यूनिवर्सिटी में होने वाले सेमिनार के लिए CEO को आमंत्रित किया। बैठक में कुरुक्षेत्र और जापान के बीच “सिस्टर सिटी” समझौता (Sister City MoU) करने का प्रस्ताव भी रखा गया। सुजुकी के CEO ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को जापान के सामाजिक संगठनों से जोड़ने में मदद का वादा किया। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह सहित उद्योग विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।