Bihar crime: जमुई और नवादा जिले के बीच पुलिस की कार्रवाई का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने महकमे को शर्मसार कर दिया है। जमुई पुलिस ने नवादा में तैनात दो एएसआई (ASI) और दो होमगार्ड जवानों को अपहरण और फिरौती वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
चेक पोस्ट से शुरू हुआ ‘उगाही’ का खेल
मामले की शुरुआत नवादा जिले के कौआकोल उत्पाद पुलिस चेक पोस्ट से हुई। गुरुवार को वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक कार रोकी, जिसमें तीन युवक सवार थे। ब्रेथ एनालाइजर जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। यहीं से नियमों को ताक पर रखकर ‘सेटिंग’ का खेल शुरू हुआ। पुलिसकर्मियों ने युवकों को जेल भेजने के बजाय मोटी रकम के बदले छोड़ने का सौदा करना शुरू कर दिया।
शराबी ने चला ‘अपहरण’ का दांव
पकड़े गए युवकों में शामिल संतोष कुमार ने चालाकी दिखाते हुए जमुई में अपने भाई पिंटू को फोन किया। उसने गिरफ्तारी की बात छिपाकर यह कह दिया कि उसका ‘अपहरण’ हो गया है और बदमाश उसे छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये मांग रहे हैं। इस सूचना से हड़कंप मच गया और परिजनों ने तुरंत जमुई एसपी को मामले की लिखित जानकारी दी।
रिश्वत का लेनदेन और जमुई पुलिस की दबिश
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। इधर, संतोष के परिजन 2 लाख रुपये लेकर नवादा पहुंचे और पकरीबरावां उत्पाद थाना के पास क्रेटा गाड़ी और संतोष को छुड़ाने के लिए 1.5 लाख रुपये की रिश्वत दे दी। जैसे ही पैसा लेन-देन हुआ, पीछा कर रही जमुई पुलिस ने दबिश दे दी।
ASI के घर से नकदी बरामद, 4 गिरफ्तार
पुलिस की छापेमारी में एक्साइज एएसआई सुजीत कुमार के आवास से रिश्वत के 1.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई सुजीत कुमार, एएसआई दिलीप कुमार और दो होमगार्ड (रविंद्र और गुलशन) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की सफाई: ‘हमें फंसाया गया’
गिरफ्तारी के बाद आरोपी एएसआई दिलीप कुमार और सुजीत कुमार ने खुद को निर्दोष बताया है। उनका तर्क है कि युवकों को शराब के नशे में पकड़ा गया था और उन पर लगाए गए अपहरण व फिरौती के आरोप झूठे हैं। वहीं, नवादा के उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने पुष्टि की कि संतोष पहले भी शराब के नशे में पकड़ा जा चुका है, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा की गई अवैध वसूली ने मामले को आपराधिक बना दिया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

