हेमंत शर्मा, इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद मामला और ज्यादा गरमा गया है। अब मृतक के पिता ने खुलकर सामने आते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और अपनी व परिवार की जान को खतरा बताया है। उनका कहना है कि सोनम के जेल से बाहर आते ही हालात बदल गए हैं और अब पूरा परिवार डर के साये में जीने को मजबूर है। 

राजा रघुवंशी के पिता ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधी गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा दी जाए, क्योंकि उन्हें आशंका है कि किसी भी समय उनके साथ अनहोनी हो सकती है। पिता का साफ कहना है “हमारे बेटे को हमने खो दिया, अब पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश चल रही है।”

मामले में सबसे बड़ा और सनसनीखेज आरोप भी पिता ने ही लगाया है। उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी का भाई गोविंद रघुवंशी इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड है। पिता का आरोप है कि गोविंद ने पैसों के दम पर पूरे सिस्टम को प्रभावित किया और इसी कारण आरोपी को राहत मिल रही है। हालांकि इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बयान ने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया है।

पिता ने यह भी कहा कि उन्हें न्याय प्रक्रिया पर भरोसा था, लेकिन जिस तरह से बिना जानकारी के जमानत हो गई, उससे संदेह गहरा गया है। उनका आरोप है कि इस बार जमानत याचिका की जानकारी तक परिवार को नहीं दी गई, जबकि पहले हर बार वे कोर्ट में आपत्ति दर्ज कराते रहे हैं। गुस्से और दर्द के बीच पिता ने साफ कर दिया कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे। 

उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी की जमानत को हाई कोर्ट में चुनौती दी जाएगी और हर हाल में इसे निरस्त करवाने की कोशिश की जाएगी।इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की है कि वे शिलांग सरकार से सीधे बात करें, ताकि मामले में पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह का दबाव या प्रभाव न पड़े।परिवार का रुख अब पूरी तरह आक्रामक हो गया है। पिता ने यहां तक कह दिया कि अगर सोनम इंदौर आकर माफी मांगती है, तब भी उसे माफ नहीं किया जाएगा। उनके शब्दों में “यह सिर्फ हत्या नहीं, हमारे पूरे परिवार की जिंदगी बर्बाद कर दी गई है।”

अब इस मामले में जमानत के बाद सिर्फ कानूनी लड़ाई ही नहीं, बल्कि आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। एक तरफ परिवार न्याय के लिए संघर्ष की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ पुलिस और जांच एजेंसियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। आने वाले दिनों में यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m