पानीपत। स्कूल के नाटकों और जागरण में माता के भजन गाने का शौक हरियाणा के पानीपत जिले के बापोली ब्लॉक के खोजसीपुर गांव निवासी संदीप ओमकार (38) को मायानगरी मुंबई तक ले आया। पिछले पांच साल से थिएटर और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय संदीप अब नवगुंजरा फिल्म में नजर आएंगे, जो 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का पोस्टर भी जारी हो चुका है।
बचपन से था अभिनय से लगाव
संदीप बताते हैं कि उनके पिता चाहते थे कि वे पढ़ाई पूरी कर एक स्थिर नौकरी करें, लेकिन बचपन से अभिनय के प्रति लगाव ने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सोनीपत से 2009 में इलेक्ट्रिकल ट्रेड की पढ़ाई पूरी की और काम के लिए उत्तराखंड के रुद्रपुर चले गए।
रुद्रपुर में उनकी मुलाकात निर्देशक अमित दीक्षित से हुई, जो उस समय वेबसीरीज ‘लवकथा’ पर काम कर रहे थे। इस वेबसीरीज में संदीप ने ‘पन्नू’ का किरदार निभाया, जिसे काफी सराहना मिली।
कई दिग्गजों के साथ किया काम
इसके बाद उन्होंने विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में काम किया और 2021 में अपने अभिनय के सपने को पूरा करने के लिए मुंबई का रुख किया। मुंबई में उन्होंने थिएटर ग्रुप के साथ काम करते हुए अपने अभिनय को और निखारा।
संदीप ने अनुराग कश्यप की फिल्म कैनेडी में ‘शंभू’ नाम के कैंडिस ड्राइवर का किरदार निभाया। इसके अलावा वे वेबसीरीज ‘हंटर’ में सुनील शेट्टी के साथ भी नजर आए और लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी अभिनय कर चुके हैं।
अपनी आने वाली फिल्म को लेकर संदीप काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि ‘नवगुंजरा’ एक रोमांच और सस्पेंस से भरपूर फिल्म है, जिसमें वे एक सीरियल किलर की चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे।

