हिसार। हरियाणा के हिसार सहित पूरे प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
लगातार बारिश के चलते रात के तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जबकि दिन के तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। मौसम में आई इस ठंडक ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।


भारतीय मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 1 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 2 से 5 मई के बीच फिर से लगातार बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
राज्य के जिन जिलों में बारिश दर्ज की गई, उनमें हिसार, नारनौल, कैथल, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी, सिरसा, चरखी दादरी, करनाल, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, नूंह और सोनीपत शामिल हैं।


पारा गिरने से बिजली की मांग में आई कमी
वहीं, पड़ोसी राज्य पंजाब में भी बारिश का असर साफ नजर आया। लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में पारा गिरने से बिजली की मांग में बड़ी कमी दर्ज की गई। पिछले दो दिनों में बिजली की खपत 12,130 मेगावाट से घटकर 10,293 मेगावाट रह गई, जिससे करीब 2,163 मेगावाट की बचत हुई।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं आने वाले दिनों में फिर से बारिश के आसार को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है।