चंडीगढ़। नारायणगढ़ में इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) स्थापित करने की दिशा में प्रदेश सरकार को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को क्षेत्र के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने पर सहमति जताई।
किसानों ने सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा दरों पर लगभग 450 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस फैसले से IMT की प्रक्रिया को तेजी मिलने की उम्मीद है। किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री का मिठाई खिलाकर स्वागत भी किया।
सरकार की योजना के तहत अंबाला क्षेत्र को गुरुग्राम की तर्ज पर एक आधुनिक औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य में कुल 10 नए IMT विकसित करने की योजना है, जिनमें से कई स्थानों पर काम पहले ही शुरू हो चुका है।
नारायणगढ़ में IMT बनने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, उद्योगों का विस्तार होगा और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आएगा। यह पहल हरियाणा को औद्योगिक रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

