Lifestyle Desk – आज के समय में सड़क सुरक्षा को लेकर नियम काफी सख्त हो गए हैं. बाइक या स्कूटी चलाते समय हेलमेट पहनना अब सिर्फ एक विकल्प नहीं, बल्कि कानूनी और सुरक्षा दोनों ही दृष्टि से अनिवार्य हो चुका है. यही नहीं, अब पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट जरूरी कर दिया गया है. हालांकि, जहां हेलमेट आपकी जान बचाता है, वहीं एक आम परेशानी भी साथ लेकर आता है-बालों का चिपचिपा, बेजान और बिखरा हुआ हो जाना.

खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए यह समस्या और भी बड़ी बन जाती है. घर से अच्छे से सेट किए गए बाल, हेलमेट हटाते ही फ्लैट और ऑयली नजर आने लगते हैं. लेकिन अब इस परेशानी से घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और स्मार्ट टिप्स अपनाकर आप अपने बालों को मिनटों में फिर से फ्रेश और स्टाइलिश बना सकते हैं.

सीरम या कंडीशनर लगायें

सबसे पहले, घर से निकलने से पहले बालों की सही तैयारी करना बेहद जरूरी है. बालों में हल्का सा हेयर सीरम या लीव-इन कंडीशनर लगाने से बाल स्मूद रहते हैं और हेलमेट के अंदर ज्यादा उलझते नहीं हैं. ध्यान रखें कि गीले या पसीने वाले बालों पर हेलमेट न पहनें, इससे बाल और ज्यादा चिपचिपे हो सकते हैं.

ढीली चोटी बनाकर निकलें

अगर आपके बाल लंबे हैं, तो उन्हें टाइट पोनीटेल में बांधने की बजाय ढीली चोटी या लो बन बनाना बेहतर रहेगा. इससे बालों में क्रीज़ नहीं पड़ती और वॉल्यूम भी बना रहता है. वहीं, छोटे बालों वाले लोग हेलमेट पहनने से पहले हल्का सा ड्राई शैम्पू या टेक्सचर स्प्रे इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे बालों में बाउंस बना रहता है.

स्कार्फ से बाल कवर करें

हेलमेट पहनते समय एक और स्मार्ट तरीका यह है कि आप बालों को कॉटन या सिल्क के स्कार्फ से कवर कर लें. इससे बालों और हेलमेट के बीच घर्षण कम होता है और हेयरस्टाइल ज्यादा खराब नहीं होती.

कंघी रखके चलें

अब बात करते हैं ऑफिस या किसी जगह पहुंचने के बाद की. अपने बैग में एक छोटा कंघा या फोल्डेबल हेयर ब्रश जरूर रखें. हेलमेट हटाने के बाद बालों को हल्का सा झटकें और फिर कंघी करें. अगर बाल ज्यादा ऑयली लग रहे हैं, तो थोड़ा सा ड्राई शैम्पू या टैल्कम पाउडर स्कैल्प पर लगाकर उंगलियों से सेट करें. इससे तुरंत फ्रेश लुक मिलता है.

बालों को खुला छोड़ें

अगर समय हो, तो बालों को 1–2 मिनट के लिए खुला छोड़ दें ताकि पसीना सूख जाए. इसके बाद उंगलियों से हल्का सेट करने पर बाल नैचुरल और वॉल्यूमिनस दिखेंगे. कुल मिलाकर, हेलमेट पहनना आपकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको अपने लुक से समझौता करना पड़े. थोड़ी सी समझदारी और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर आप हर दिन हेलमेट के बाद भी फ्रेश और कॉन्फिडेंट नजर आ सकते हैं.