आदमपुर। आदमपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेलवे स्टेशन पर आज सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था।


पुलिस के अनुसार, प्रदीप की हत्या सिर में ईंट मारकर की गई है। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी कृष्ण कुमार और पुलिस विभाग के डीएसपी किशोरी लाल मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।


परिजनों ने बताया कि प्रदीप काम के लिए घर से निकला था, लेकिन रात को वापस नहीं लौटा। उन्होंने रात भर उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। सुबह रेलवे स्टेशन पर उसका शव मिलने की सूचना मिली।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।