कृष्ण कुमार सैनी,चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने डेढ़ करोड़ रुपये की बीमा राशि और अवैध संबंधों के चलते अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने इस मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ निवासी प्रदीप को सुनियोजित तरीके से रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी। आरोप है कि उसकी पत्नी अन्नू ने अपने प्रेमी मुकेश के साथ मिलकर भाड़े के लोगों को पैसे देकर ऐसा हादसा कराने की साजिश रची, जिससे हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।


ऐसे रची गई साजिश
योजना के तहत प्रदीप को मुकेश के साथ एक वाहन में भेजा गया, जहां उसे कुचलने की कोशिश की गई। इस हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मुकेश को भी चोटें आईं। हालांकि, पीड़ित की जान बच गई और इसी के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया।
घटना के बाद प्रदीप की बहन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि पत्नी अन्नू और मुकेश ने मिलकर पूरी साजिश रची थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अन्नू ने हाल ही में अपने पति के नाम पर 60-60 लाख रुपये की दो बीमा पॉलिसियां कराई थीं, जिनकी कुल राशि करीब डेढ़ करोड़ रुपये बनती थी।


पुलिस की पूछताछ में स्वीकारी अवैध संबंध की बात
पुलिस पूछताछ में अन्नू ने स्वीकार किया कि उसकी शादी वर्ष 2005 में प्रदीप से हुई थी, लेकिन बाद में उसके मुकेश के साथ संबंध बन गए। दोनों की मुलाकात सितंबर 2025 में दादरी कोर्ट परिसर में हुई थी, जिसके बाद यह रिश्ता अवैध संबंधों में बदल गया।इसके बाद दोनों ने मिलकर बीमा राशि और संपत्ति हथियाने के लिए पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में लालच और विश्वासघात की भयावह तस्वीर सामने लाती है।