० लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में उपायुक्त अखिल पिलानी ने सुनी आमजन की समस्याएं सुनकर दिए त्वरित समाधान के निर्देश
सोनू वर्मा ,नूंह। लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त अखिल पिलानी ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए उनके शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर लोगों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक शिकायतों के समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि शिविर में कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जल्द निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
शिकायतों के समाधान के बाद एटीआर में करें अपलोड
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एसएमजीटी पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से लें और समाधान के बाद तुरंत एटीआर (Action Taken Report) अपलोड करें।
समाधान प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश
उपायुक्त ने पारदर्शिता और जवाबदेही को आवश्यक बताते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बेहद जरूरी है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से शिकायतों की निगरानी करने और समाधान प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डॉ. विरेंद्र सहरावत, डीडीपीओ नरेंद्र सरवान, जिला कल्याण अधिकारी अनिल दहिया, एलडीएम सागर फलदू और कार्यकारी अभियंता पंचायती राज योगेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

