सुशीला देवी,गुरुग्राम। यातायात नियमों की अनदेखी एक बाइक चालक को भारी पड़ गई, जब ट्रैफिक पुलिस ने 1.05 लाख रुपये के लंबित चालानों वाली मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत के निर्देश और सहायक पुलिस आयुक्त सत्यपाल यादव की निगरानी में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट 1988 के तहत कुल 26 चालान थे लंबित
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 4/7 चौक पर चेकिंग के दौरान एएसआई मदनपाल और उनकी टीम ने एक बाइक को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट 1988 के तहत कुल 26 चालान लंबित थे। इनमें बिना नंबर प्लेट और बिना बीमा जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, इन चालानों की कुल राशि 1,05,000 रुपये तक पहुंच चुकी थी और 90 दिनों से अधिक समय से इनका भुगतान नहीं किया गया था। नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक को जब्त कर राजीव चौक स्थित पार्किंग में खड़ा करवा दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक चालान लंबित रखने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे समय पर चालानों का भुगतान करें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने यह भी कहा कि सभी वाहन मालिक अपने वाहनों पर अनिवार्य रूप से HSRP नंबर प्लेट लगवाएं, ताकि अपराध नियंत्रण और वाहन पहचान प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।

