कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। यमुनानगर, 30 अप्रैल 2026: स्वास्थ्य जागरूकता को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से यमुनानगर में DC की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें डॉ. ऋषिपाल सैनी ने अपनी टीम के साथ भाग लेते हुए अभियानों को गति देने का आह्वान किया। बैठक में HPV टीकाकरण (सर्वाइकल कैंसर से बचाव) और TB-मुक्त भारत अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकारियों ने इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

डॉ. ऋषिपाल सैनी ने खास तौर पर RMP (Registered Medical Practitioner – पंजीकृत चिकित्सा प्रैक्टिशनर) और अनुभवी चिकित्सकों की भूमिका को निर्णायक बताते हुए कहा कि कोरोना काल में इन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की सेवा की थी, और अब इन्हें फिर आगे आकर HPV टीकाकरण व कैंसर जागरूकता में अहम योगदान देना चाहिए। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाए और सही जानकारी देकर समाज को सुरक्षित बनाया जाए।

बैठक में डॉ. कुलदीप (जिला प्रधान), डॉ. देशराज काम्बोज, डॉ. मदन, डॉ. समय सिंह सहित कई RMP और अनुभवी चिकित्सक मौजूद रहे। डॉ. सैनी ने स्पष्ट कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे डॉक्टरों की सक्रिय भागीदारी से ही ये स्वास्थ्य अभियान पूरी तरह सफल हो सकते हैं और समाज को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है।