० टीकाकरण अभियान में आधार और ओटीपी की अनिवार्यता फील्ड स्टाफ पर बढ़ा रही है मानसिक दबाव : जिला प्रधान परमानंद

अजय सैनी ,भिवानी। वेटनरी सर्विस एसोसिएशन (00812) की जिला इकाई ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपनिदेशक को अपनी विभिन्न मांगों और तकनीकी समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला प्रधान परमानंद के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें वीएलडीए सहित विभागीय कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में जिला उपप्रधान शुभम राव, कोषाध्यक्ष दीपक, सब डिविजन प्रधान अशोक और हर्ष सिवान भी मौजूद रहे। इस दौरान उपनिदेशक डॉ. रविंद्र सहरावत के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।


फील्ड स्टाफ पर पड़ रहा मानसिक दबाव
जिला प्रधान परमानंद ने बताया कि टीकाकरण अभियान के दौरान आधार कार्ड को ओटीपी से लिंक करने और फोटो अपलोड करने की अनिवार्यता से फील्ड स्टाफ पर अतिरिक्त मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या और व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण इन निर्देशों को लागू करना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी में काम करते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा और पशुओं की देखभाल दोनों ही महत्वपूर्ण हैं, लेकिन तकनीकी बाधाएं कार्य को प्रभावित कर रही हैं।


लिखित में दें शिकायत
ज्ञापन पर चर्चा के बाद उपनिदेशक ने आश्वासन दिया कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि टीकाकरण अभियान को बेहतर तालमेल के साथ सफल बनाया जाए।इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों के मेडिकल बिल, एलटीसी, इंक्रीमेंट, टीए या अन्य भुगतान लंबित हैं, वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा किया जा सके।