पंचकूला। पंचकूला से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने श्री माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू कर दी है।सरकार की ओर से ‘श्री माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड कर्मचारी (पेंशन तथा सामान्य भविष्य निधि) नियम, 2025’ अधिसूचित कर दिए गए हैं। इसके तहत 1 जनवरी 2006 से पहले नियुक्त नियमित कर्मचारियों को OPS का लाभ मिलेगा।


अधिसूचना के अनुसार, इन नियमों को 6 अक्टूबर 2021 से प्रभावी माना जाएगा। बोर्ड प्रशासन ने 57 कर्मचारियों की सूची भी जारी कर दी है, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।


कर्मचारियों को मिलेगा 3 महीने का समय
जो कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना का विकल्प चुनना चाहते हैं, उन्हें अधिसूचना जारी होने की तारीख से 3 महीने के भीतर आवेदन करना होगा।


PF राशि लौटाना होगी
OPS का लाभ लेने के लिए कर्मचारियों को अपने भविष्य निधि (PF) खाते में जमा नियोक्ता अंशदान को ब्याज सहित पेंशन फंड में वापस जमा करना होगा।


हर महीने खाते में आएगी पेंशन
बोर्ड एक अलग पेंशन फंड बनाएगा, जिसमें 10% अतिरिक्त अंशदान भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद बैंक के जरिए हर महीने पेंशन सीधे कर्मचारियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
साफ कर दिया गया है कि 1 जनवरी 2006 के बाद भर्ती कर्मचारी नई पेंशन योजना (NPS) के तहत ही रहेंगे।