चंडीगढ़। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा मासिक पूर्वानुमान के अनुसार मई महीने में हरियाणा समेत देश के बड़े हिस्से को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे रह सकता है, जबकि कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने के कारण रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी। हालांकि दक्षिण, उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की भी संभावना जताई गई है।


प्री-मानसून के भी अच्छे संकेत
आईएमडी के अनुसार इस बार प्री-मानसून वर्षा भी अच्छी रहने के संकेत हैं और देश के कई हिस्सों में यह औसत से 110 प्रतिशत तक अधिक हो सकती है। हालांकि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। हरियाणा के संदर्भ में आईएमडी चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि राज्य में मई के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है और लू का प्रभाव ज्यादा नहीं रहेगा।


24 घंटों में औसतन 0.7 मिमी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में औसतन 0.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण दिन का तापमान सभी स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 से 6 मई के बीच प्रदेश में फिर से आंधी और बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।