अनूप दुबे, कटनी। कहते हैं कि भक्त जहां भी अपने आराध्य को सच्चे मन से पुकारता है, भगवान वहां किसी न किसी रूप में दर्शन जरूर देते हैं। आस्था और विश्वास की एक ऐसी ही अलौकिक तस्वीर मध्यप्रदेश के कटनी जिले से सामने आई है, जहां बहोरीबंद के एक खेत में खुदाई के दौरान साक्षात पवनपुत्र हनुमान की भव्य प्रतिमा जमीन के भीतर से प्रगट हुई है। इस दिव्य दृश्य को देख न केवल ग्रामीणों की आंखे नम हो गई, बल्कि पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्ति और उल्लास से भर उठा है।

श्रद्धा का बना केंद्र बिंदु

बहोरीबंद से लगभग 7 किलोमीटर दूर रूपनाथ क्षेत्र में यह प्रतिमा प्रगट हुई है। यहां ग्राम सजहरी मोहनिया के किसान गोपाल राजपूत और लवकुश केतन राजपूत के खेत में मंगलवार को खुदाई का कार्य चल रहा था। इस खेत को स्थानीय रूप से सदावर्ती खेत कहा जाता है।

श्रद्धा का सबसे बड़ा केंद्र बिंदु यह है कि जिस स्थान से प्रतिमा निकली है वहां पहले से ही एक गऊ समाधि है। जिससे इस स्थान की धार्मिक मान्यता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कोई साधरण घटना नहीं बल्कि साक्षात ईश्वरीय विधान है।

भक्ति में डूबा जनमानस: गूंज उठा ‘जय श्री राम’

प्रतिमा के प्रगट होने की खबर जैसे ही फैली, आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शन करने उस ओर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने इसे चमत्कार मानते हुए प्रतिमा की पूजा अर्चना भी शुरू कर दी। प्रतिमा मिलने के बाद से ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल है।

चमत्कार की चर्चा

स्थानीय किसान ने भावुक होते हुए बताया कि हम लोग खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक यह प्रतिमा दिखाई दी। हमें लगा जैसे भगवान खुद प्रगट हुए हों। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है।

आस्था के आगे सब नतमस्तक

दूर-दूर से लोग बजरंगबली के इस प्राकट्य के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। हालांकि पुरातत्व विभाग या प्रशासन की ओर से इस प्रतिमा की प्राचीनता को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m