पटना। भोजपुरी सिनेमा की ‘क्वीन’ अक्षरा सिंह इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। पवन सिंह के साथ विवादों भरा रिश्ता खत्म होने के लंबे समय बाद, अक्षरा ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि उनके जीवन में किसी खास शख्स की एंट्री हो चुकी है। अक्षरा अब अतीत की कड़वाहट को पीछे छोड़ भविष्य की नई इबारत लिखने को तैयार हैं।

​’प्यार में हूं और आगे बढ़ रही हूं’: अक्षरा का बड़ा खुलासा

​एक हालिया इंटरव्यू के दौरान जब अक्षरा से उनके रिलेशनशिप स्टेटस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। अक्षरा ने कहा, “हां, मुझे दोबारा प्यार हुआ है और फिलहाल यह रिश्ता चल रहा है। जो पुराना था, वह अब भूतकाल (पास्ट) का हिस्सा है। मैं अब अपने भविष्य की चिंता कर रही हूं और आगे बढ़ रही हूं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना प्यार के कोई भी इंसान जीवित नहीं रह सकता।

​शादी की जल्दबाजी नहीं, पार्टनर को समझ रही हैं एक्ट्रेस

​अक्षरा सिंह अभी अपने नए रिश्ते को लेकर काफी सतर्क हैं। जब उनसे शादी की योजना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह अभी ‘फिगर आउट’ कर रही हैं। अक्षरा के मुताबिक, “अभी सब कुछ नया-नया है, इसलिए मैं पहले इंसान को समझने की कोशिश कर रही हूं। मुझे नजर भी बहुत जल्दी लगती है, इसलिए मैं अभी ज्यादा खुलासा नहीं करना चाहती।”

​पवन सिंह की ‘अच्छाई’ पर उड़ाया मजाक

​पॉडकास्ट के दौरान जब अक्षरा से उनके पूर्व साथी पवन सिंह की किसी एक अच्छाई के बारे में पूछा गया, तो वह अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। ठहाके लगाते हुए उन्होंने तंज कसा— “उन्होंने इतना ज्यादा अच्छा किया है कि मुझे अब कोई अच्छाई याद ही नहीं है।” हालांकि, एक कलाकार के तौर पर उन्होंने पवन की गायकी की तारीफ की, लेकिन अभिनय के मामले में उन्होंने दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को उनसे बेहतर बताया।

​दोहरे मापदंडों पर छलका दर्द

​अक्षरा ने इंडस्ट्री और समाज के दोहरे मापदंडों पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने बिना नाम लिए पवन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, “वह दस जगह लड़कियों के साथ घूम रहे हैं, तो कोई सवाल नहीं पूछता। उनका चरित्र सबके सामने है। लेकिन अगर मेरा एक अफेयर हो जाए, तो मैं गुनहगार हो जाती हूं। क्या लड़की होना ही मेरा सबसे बड़ा गुनाह है?”

राजनीतिक पसंद: तेज प्रताप यादव और प्रशांत किशोर की तारीफ

राजनीति पर बात करते हुए अक्षरा ने बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के प्रति अपनी पसंद जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह खुद को तेज प्रताप जैसा मानती हैं क्योंकि वह भी बिना किसी ‘फिल्टर’ के अपनी बात सीधे बोलती हैं। इसके अलावा, उन्होंने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के ‘थॉट प्रोसेस’ की भी सराहना की।