Lifestyle Desk – गर्मियों का मौसम आते ही हमारी दिनचर्या, खानपान और शरीर की जरूरतों में बड़ा बदलाव आ जाता है. तेज धूप, बढ़ता तापमान और उमस भरा माहौल न सिर्फ हमारी ऊर्जा को कम करता है, बल्कि कई लोगों के लिए सिरदर्द की समस्या भी बढ़ा देता है. अक्सर देखा गया है कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे सिर भारी रहने लगता है या हल्का-हल्का दर्द शुरू हो जाता है. यह सिर्फ एक सामान्य परेशानी नहीं, बल्कि शरीर का संकेत है कि उसे अतिरिक्त देखभाल की जरूरत है.

डिहाइड्रेशन के कारण 
गर्मियों में सिरदर्द के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सबसे आम वजह है डिहाइड्रेशन (पानी की कमी). तेज धूप में पसीना अधिक निकलता है, जिससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है. इसका सीधा असर दिमाग पर पड़ता है और सिरदर्द शुरू हो सकता है.

बहुत देर धूप में रहना

दूसरी बड़ी वजह है हीट एक्सपोजर यानी लंबे समय तक धूप में रहना. तेज धूप शरीर के तापमान को बढ़ा देती है, जिससे ब्लड वेसल्स फैलती हैं और सिरदर्द ट्रिगर हो सकता है. इसके अलावा, माइग्रेन से पीड़ित लोगों में गर्मी एक बड़ा ट्रिगर साबित होती है.

अनिमियत दिनचर्या होने से

अनियमित दिनचर्या भी एक कारण है. गर्मियों में नींद पूरी न होना, खाने का समय बिगड़ना या ज्यादा कैफीन लेना भी सिरदर्द को बढ़ा सकता है. वहीं, तेज रोशनी और लू भी इस समस्या को और गंभीर बना सकती है.

कैसे करें बचाव?


गर्मियों में सिरदर्द से बचने के लिए कुछ आसान लेकिन असरदार उपाय अपनाए जा सकते हैं.

पर्याप्त पानी पिएं

दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं. नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं.

धूप से बचाव करें

दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें. अगर निकलना जरूरी हो, तो सिर पर टोपी या दुपट्टा जरूर रखें.

हल्का और संतुलित भोजन करें

ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना सिरदर्द को बढ़ा सकता है. फल, सलाद और हल्का भोजन शामिल करें.

नींद पूरी लें

रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद जरूरी है. नींद अच्छे से लेने से सिर दर्द की समस्या से राहत मिलती है.

कैफीन सीमित करें

ज्यादा चाय-कॉफी लेने से शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है, जिससे सिरदर्द बढ़ता है.

ठंडी जगह पर आराम करें

अगर सिरदर्द महसूस हो, तो ठंडी और शांत जगह पर थोड़ी देर आराम करना फायदेमंद हो सकता है.

कब लें डॉक्टर की सलाह?
अगर सिरदर्द लगातार बना रहता है, बहुत तेज होता है या उसके साथ उल्टी, चक्कर या धुंधला दिखना जैसी समस्याएं हों, तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. गर्मियों में सिरदर्द एक आम समस्या जरूर है, लेकिन सही देखभाल और थोड़ी सावधानी से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है. अपने शरीर के संकेतों को समझें और समय रहते जरूरी कदम उठाएं, ताकि गर्मी का मौसम भी आपके लिए सुकून भरा बना रहे.