गुरुग्राम। पटौदी-बिलासपुर रोड पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा रात करीब 9 बजे बाइपास के पास हुआ, जब दोनों युवक बिजली का काम खत्म करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दोनों ने मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पटौदी निवासी 22 वर्षीय प्रिंस और 23 वर्षीय पूर्ण के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना के बाद से मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है।