Lifestyle Desk – गर्मियों का मौसम आते ही नींबू का इस्तेमाल हर घर में बढ़ जाता है. ठंडा शिकंजी, सलाद या खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए लोग जमकर नींबू का रस इस्तेमाल करते हैं. लेकिन अक्सर रस निकालने के बाद उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक दिया जाता है. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अब अपनी इस आदत को बदलने का समय आ गया है. दरअसल, नींबू के छिलके भी कई तरह से उपयोगी होते हैं और आपके लाइफ़स्टाइल को आसान बना सकते हैं. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.

क्लीनर की तरह इस्तेमाल करें

सबसे पहले बात करें किचन की, तो नींबू के छिलके एक बेहतरीन नैचुरल क्लीनर की तरह काम करते हैं. बर्तन धोने के बाद अगर उन पर जमी चिकनाई या बदबू नहीं जा रही हो, तो नींबू के छिलकों से रगड़ने पर तुरंत फर्क दिखता है. इसके अलावा गैस स्टोव या माइक्रोवेव की सफाई में भी ये काफी असरदार होते हैं. इनमें मौजूद सिट्रिक एसिड गंदगी और बैक्टीरिया को हटाने में मदद करता है.

फ्रिज की बदबू दूर करें

नींबू के छिलके फ्रिज की बदबू दूर करने में भी कारगर हैं. कई बार फ्रिज में रखे खाने की वजह से अजीब सी गंध आने लगती है. ऐसे में कुछ सूखे नींबू के छिलके फ्रिज के किसी कोने में रख दें. ये नेचुरल डिओडराइज़र की तरह काम करेंगे और फ्रिज को ताजगी से भर देंगे.

स्किन केयर में इस्तेमाल

अगर आप स्किन केयर पर ध्यान देते हैं, तो नींबू के छिलके आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. सूखे छिलकों को पीसकर पाउडर बना लें और उसमें थोड़ा सा दही या गुलाब जल मिलाकर फेस पैक तैयार करें. यह पैक त्वचा को साफ करने, टैन हटाने और ग्लो बढ़ाने में मदद करता है. हालांकि, संवेदनशील त्वचा वाले लोग इसका इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.

रूम फ्रेशनर बनायें

नींबू के छिलके घर की सजावट और माहौल को फ्रेश बनाने में भी मदद करते हैं. इन्हें पानी में उबालकर उस पानी की भाप से कमरे में खुशबू फैलाई जा सकती है. चाहें तो इसमें दालचीनी या लौंग मिलाकर और भी अच्छी सुगंध पाई जा सकती है. यह एक तरह का नेचुरल एयर फ्रेशनर है, जो केमिकल फ्री होता है.

बागवानी में इस्तेमाल

नींबू के छिलकों का इस्तेमाल बागवानी में भी किया जा सकता है. इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पौधों की मिट्टी में डालने से कीड़े-मकोड़े दूर रहते हैं और मिट्टी की गुणवत्ता भी बेहतर होती है.