Bihar Weather Today: पूरे बिहार में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। आंधी-पानी के दौर ने पूरे जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच आज बुधवार को मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

इन जिलों में बारिश और वज्रपात

आज बुधवार की सुबह ही खगड़िया, उत्तर बिहार और सीमांचल के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। वहीं, राजधानी पटना समेत कई जिलों में घने बादल छाए हुए हैं। विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम के सक्रिय रहने की उम्मीद है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने सुबह 8:20 बजे के करीब अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, नालंदा, नवादा, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शेखपुरा और सुपौल जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 कि. मी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है।

24 घंटे में दर्ज हुई 89.7 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में 89.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो काफी ज्यादा है। आमतौर पर इस समय में करीब 31.8 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार सामान्य से करीब 182% अधिक बारिश हुई है। वैशाली के हाजीपुर, बक्सर के सिमरी और डुमरांव, और जहानाबाद के काको जैसे इलाकों में 55 से 60 मिमी तक बारिश हुई है। ज्यादा बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 मई तक बिहार में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि 8 मई के बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई गई है।

सोमवार को हुई थी 26 लोगों की मौत

इससे पहले सोमवार को आई आंधी-पानी ने प्रदेश में जमकर कहर मचाया। इस दौरान प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर आंधी-पानी और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 26 लोगों की जान चली गई। सबसे अधिक गयाजी और मोतिहारी में 5-5 लोगों की मौत हुई। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल थे।

वहीं, तेज हवा और ओलावृष्टि होने की वजह से खेत की फसलों को भी भारी पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। वहीं, लीची और आम के फल भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों से आंधी पानी के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: सम्राट सरकार की कैबिनेट बैठक, सुभासपा का कार्यकर्ता सम्मेलन, कांग्रेस की PC