अजय सैनी , भिवानी। भिवानी में बढ़ती पानी की किल्लत को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसई कार्यालय का घेराव कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता एसई कार्यालय के अंदर पहुंच गए और अधिकारी के मौके पर न मिलने पर तालाबंदी की चेतावनी दी। बाद में एसई से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया कि शाम तक शहर में पानी की सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी।


एसई कार्यालय पर ताला लगाने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फिलहाल वे आश्वासन के आधार पर लौट रहे हैं, लेकिन यदि अगले दिन तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो एसई कार्यालय पर ताला लगाया जाएगा। साथ ही विधायक और सांसद आवास का घेराव कर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।


प्रदीप गुलिया ने आरोप लगाया कि पानी की समस्या से शहरवासी बेहद परेशान हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।