वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रही 25 वर्षीय बीए की छात्रा मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के धनिमा पहाड़ी निवासी विजय कुमार की बेटी स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, स्वीटी बीए फाइनल की छात्रा थी और पढ़ाई के सिलसिले में बिहारशरीफ में किराए के कमरे में रहती थी।

​ऐतिहासिक स्थल पर घूमने आई थी छात्रा

​जानकारी के मुताबिक, स्वीटी रविवार को अपने दोस्तों के साथ नालंदा के विश्व प्रसिद्ध खंडहर घूमने आई थी। भ्रमण समाप्त करने के बाद वह बिहारशरीफ लौटने के लिए नालंदा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन पर पहुंचने के बाद जब वह एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए ट्रैक पार कर रही थी, तभी यह अप्रत्याशित हादसा हो गया।

बिना एनाउंसमेंट आ गई मालगाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिहारशरीफ की ओर से राजगीर जा रही एक मालगाड़ी अचानक बिना किसी पूर्व घोषणा या एनाउंसमेंट के स्टेशन पर पहुंच गई। ट्रैक पार कर रही स्वीटी इस मालगाड़ी की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई दुर्घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

​स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और रेलवे की लापरवाही

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में रेलवे प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया कि नालंदा जैसे वैश्विक पर्यटन स्थल के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। स्टेशन पर यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज (FOB) का अभाव है, जिसके कारण मजबूरी में यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करना पड़ता है। इसके अलावा, ट्रेन के आगमन की सूचना देने की व्यवस्था में भी गंभीर खामियां पाई गई हैं।
​स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि स्टेशन पर कर्मचारियों की भारी कमी है। एक ही कर्मचारी पर टिकट काटने, ट्रेन को झंडा दिखाने और अन्य संचालन संबंधी कई जिम्मेदारियों का बोझ रहता है।

​पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और आश्वासन

​घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय थानों की पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने स्टेशन प्रबंधन और स्टेशन मास्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि उनकी लिखित शिकायत के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।