Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (25 जून 2026) की खबरों में 44 फ्लाईओवरों का पहली बार होगा व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट, दिल्ली में 600 करोड़ के मेडिकल खरीद मामले में ED की एंट्री, कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा खामियों पर दिल्ली सरकार सख्त, दिल्ली रेप-मर्डर का आरोपी नपुंसक निकला प्रमुख रहा।

44 फ्लाईओवरों का पहली बार होगा व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट

दिल्ली सरकार  (Delhi Government) ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाने तथा यातायात सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए 15 साल से अधिक पुराने 44 फ्लाईओवरों के व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट को मंजूरी दे दी है। इस फैसले को शहरी विकास और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की दिशा में अहम माना जा रहा है। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिन फ्लाईओवर्स का ऑडिट किया जाएगा, उनमें से कई का निर्माण वर्ष 1982 से 2010 के बीच हुआ था। ये फ्लाईओवर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बावजूद राजधानी के प्रमुख ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के रूप में काम कर रहे हैं। समय के साथ बढ़ते उपयोग और संरचनाओं के पुराने होने को देखते हुए इनकी तकनीकी जांच को जरूरी बताया गया है। ऑडिट के दौरान फ्लाईओवर्स की संरचनात्मक मजबूती, भार वहन क्षमता, सतह की स्थिति और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में 600 करोड़ के मेडिकल खरीद मामले में ED की एंट्री

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में करीब 600 करोड़ रुपये के मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी जांच शुरू कर दी है। ED ने इस मामले में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, ED की दिल्ली जोन-2 टीम ने मामले की जांच के लिए डायरेक्टर जनरल हेल्थ सर्विसेज (DGHS), दिल्ली सरकार को पत्र लिखा है। एजेंसी ने सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) और DGHS द्वारा की गई सभी मेडिकल उपकरण खरीद से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। जांच एजेंसी खरीद प्रक्रिया, भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल करेगी। ED यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

पढ़े पूरी खबर…..

कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा खामियों पर दिल्ली सरकार सख्त

दिल्ली सरकार ने भी लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद राजधानी में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच और समीक्षा शुरू कर दी है। आशीष सूद (Ashish Sood) शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री) ने बुधवार को दिल्ली के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और नियामकीय अनुपालन की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार छात्रों के हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षण संस्थान को छात्रों की सुरक्षा के साथ समझौता करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोचिंग संस्थान तय सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली रेप-मर्डर का आरोपी नपुंसक निकला

दक्षिण दिल्ली में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने कैब ड्राइवर बाशु कुमार (Bashu Kumar) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से जुड़े कई पहलुओं के बारे में जानकारी दी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कुछ समय पहले बिहार से दिल्ली लौटा था। पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच भी कराई है। आरोपी ने पूछताछ में खुद को नपुंसक बताया था और मेडिकल जांच रिपोर्ट में भी इससे जुड़ी बात सामने आने का दावा किया गया है। वहीं, आरोपी के परिवार की ओर से उसके दो बेटों के होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी उम्र करीब 4 साल और 6 महीने बताई जा रही है। ऐसे में मेडिकल जांच की गुत्थी उलझ रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट को केस की आगे की कार्रवाई में शामिल किया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने कई वाहनों को मारी टक्कर: राजधानी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर से उतरते समय एक अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने लाल बत्ती पर रुके कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में बस के नियंत्रण खोने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली के यमुना बाजार में बुलडोजर एक्शन: MCD ने गुरुवार सुबह दिल्ली के यमुना बाजार (Yamuna Bazar) इलाके में अवैध निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई (Bulldozer action) शुरू कर दी। कार्रवाई को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले DDA ने कश्मीरी गेट क्षेत्र के यमुना बाजार में रहने वाले लोगों को नया नोटिस जारी किया था। नोटिस में घाट नंबर 2 से 32 के बीच रह रहे लोगों से अपनी इच्छा से जगह खाली करने को कहा गया था। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया था कि यदि लोग खुद जगह खाली नहीं करते हैं तो प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद गुरुवार से इलाके में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में 270 किलोमीटर सड़कों की होगी मरम्मत: राजधानी दिल्ली की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शहरभर में करीब 270 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 657 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। यह फैसला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में लिया गया। सरकार ने सड़कों की मरम्मत का काम जल्द पूरा करने के लिए इस साल अक्टूबर तक की समय सीमा तय की है। योजना के तहत खराब और जर्जर सड़कों की पहचान कर उनकी मरम्मत की जाएगी, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। सरकार का कहना है कि सड़क नेटवर्क को मजबूत करना और यात्रियों की सुविधा बढ़ाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। (पढ़े पूरी खबर)

450 इमारतें फायर सेफ्टी जांच के दायरे में: दिल्ली में हाल के दिनों में आग की घटनाओं के बाद फायर सेफ्टी ( fire safety) को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। खासकर उन इमारतों पर नजर बढ़ाई गई है जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं, जैसे अस्पताल, होटल, नर्सिंग होम और रेस्टोरेंट। इसी क्रम में दिल्ली फायर विभाग (Delhi Fire Service) ने राजधानी की करीब 450 कमर्शियल बिल्डिंगों को असुरक्षित चिह्नित किया है। विभाग के अनुसार इन इमारतों में या तो अनिवार्य फायर एनओसी (No Objection Certificate) मौजूद नहीं है, या फिर निर्माण के दौरान तय सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में मुहर्रम पर ताजिया जुलूस को लेकर सुरक्षा कड़ी: मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को निकलने वाले ताजिया जुलूस को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस इस बार ड्रोन के जरिए निगरानी करेगी। अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि जुलूस के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए तकनीक का उपयोग किया जाएगा। खासकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस के अनुसार, जुलूस के दौरान दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m