Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (19 जून 2026) की खबरों में दिल्ली का विंटर एक्शन प्लान तैयार, दिल्ली हाई कोर्ट ने 22 जून तक टेलीग्राम बैन हटाने से किया इनकार, दिल्ली का पहला ऑल विमेन पुलिस स्टेशन, NEET-UG री-एग्जाम से पहले अरविंद केजरीवाल का छात्रों के नाम संदेश प्रमुख रहा।

दिल्ली का विंटर एक्शन प्लान तैयार
दिल्ली में हर साल सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले गंभीर वायु प्रदूषण (Air Pollution) को देखते हुए सरकार ने इस बार पहले से तैयारी शुरू कर दी है। राजधानी में धुंध और जहरीली हवा की समस्या को कम करने के लिए विंटर एक्शन प्लान (Winter Action Plan) की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बताया कि नवंबर से फरवरी तक प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई सख्त कदम लागू किए जाएंगे। इस योजना के तहत सबसे अहम फैसला यह है कि 1 नवंबर से 31 जनवरी तक दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड नॉन-BS VI कमर्शियल वाहनों की राजधानी में एंट्री पर रोक लगाई जा सकती है। इन कदमों से सर्दियों में बढ़ने वाले प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और लोगों को जहरीली हवा से कुछ राहत मिल सकेगी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने 22 जून तक टेलीग्राम बैन हटाने से किया इनकार
टेलीग्राम ऐप (Telegram) इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध को हटाने से इनकार कर दिया है। अदालत ने टेलीग्राम की ओर से दायर याचिका को खारिज करते हुए केंद्र सरकार के फैसले को बरकरार रखा है। जस्टिस तेजस करिया ने सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की धारा 69A के तहत जारी आदेश को चुनौती देने वाली टेलीग्राम की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि सरकार का कदम सही है। इसके साथ ही 22 जून तक टेलीग्राम को ब्लॉक करने का फैसला जारी रहेगा। सरकार ने सुरक्षा और परीक्षा से जुड़े मामलों को देखते हुए टेलीग्राम पर यह कार्रवाई की थी। टेलीग्राम ने अदालत में दलील दी थी कि इस फैसले से भारत में उसके करीब 15 करोड़ यूजर्स प्रभावित होंगे, लेकिन हाई कोर्ट ने फिलहाल प्रतिबंध हटाने की मांग को स्वीकार नहीं किया।

दिल्ली का पहला ऑल विमेन पुलिस स्टेशन
दिल्ली की पुलिस व्यवस्था में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजधानी को अपना पहला ‘ऑल विमेन पुलिस स्टेशन’ (all-women police station) मिलने जा रहा है। इस विशेष थाने का उद्घाटन उत्तरी जिले के सब्जी मंडी इलाके स्थित पुलिस स्टेशन कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। इस थाने का उद्घाटन उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) करेंगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस थाने का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े अपराधों की सुनवाई और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाना है। ऑल विमेन पुलिस स्टेशन शुरू होने के बाद महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच और पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस स्टेशन को तैयार करने का काम पिछले कुछ महीनों से चल रहा था।

NEET-UG री-एग्जाम से पहले अरविंद केजरीवाल का छात्रों के नाम संदेश
NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होने जा रहा है। परीक्षा से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने छात्रों के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। केजरीवाल ने अपने X हैंडल के जरिए छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि एक महीने के भीतर दो बार परीक्षा देना कोई आसान काम नहीं है। उन्होंने छात्रों की मेहनत और मानसिक दबाव का जिक्र करते हुए उन्हें आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारी के बाद दोबारा परीक्षा देना छात्रों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन उन्हें धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल होना चाहिए।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
अब सफर से पहले मिलेगी जाम की जानकारी: Delhi Traffic: दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। अब वाहन चालकों को सफर शुरू करने से पहले ही रास्ते की ट्रैफिक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने इसके लिए शहरभर में डिजिटल साइन बोर्ड लगाए हैं। इन बोर्ड के जरिए लोगों को अलग-अलग तरह की ट्रैफिक से जुड़ी जानकारियां मिलेंगी, जिससे वे अपने सफर की बेहतर योजना बना सकेंगे। इन डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड (Digital display board) पर वाहन चालकों को आगे के रास्ते पर ट्रैफिक की स्थिति, जाम, डायवर्जन और अन्य जरूरी अपडेट की जानकारी दी जाएगी। इससे लोग जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
माउंट कैलाश मेड हत्याकांड: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में घरेलू सहायिका की हत्या के मामले में नया खुलासा सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गुप्ता पर अपनी मेड की हत्या करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर को कथित तौर पर शक था कि घरेलू सहायिका घर में नकारात्मक ऊर्जा (नेगेटिव एनर्जी) ला रही थी। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को माउंट कैलाश स्थित अपने अपार्टमेंट में डॉ. मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर घरेलू सहायिका मीना पर बैट से हमला किया और किसी नुकीली चीज से वार कर उसकी हत्या कर दी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार: दिल्ली में इस बार मानसून की एंट्री को लेकर राहत की उम्मीद फिलहाल टलती नजर आ रही है। आमतौर पर राजधानी में मानसून 27 जून के आसपास दस्तक देता है, लेकिन इस बार इसके जुलाई में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की धीमी रफ्तार के चलते दिल्ली-NCE में इसकी एंट्री में देरी हो सकती है। इससे राजधानी के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से अभी कुछ दिन और जूझना पड़ सकता है। मानसून की देरी के कारण तापमान में बढ़ोतरी और गर्म हवाओं का असर भी जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को बारिश की राहत के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। (पढ़े पूरी खबर)
MCD की अहम पहल: दिल्ली में सफाई कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षा को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक अहम पहल की है। निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में 41 सफाई कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह कदम कर्मचारियों को स्थायी रोजगार सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही 5,750 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची भी जारी की गई है, जिन्हें भविष्य में नियमित किए जाने की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, मानवता के आधार पर एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 109 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को करुणामूलक नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)
ब्याज की गलत गणना पड़ी भारी: दिल्ली की द्वारका जिला अदालत ने चेक बाउंस के एक मामले में आरोपी दंपती को राहत देते हुए दोषमुक्त कर दिया। अदालत ने शिकायतकर्ता की ओर से ब्याज की गणना में हुई छोटी सी गलती को अहम मानते हुए कहा कि चेक की रकम वास्तविक कानूनी देनदारी से अधिक थी। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास शिव कुमार की अदालत ने आरोपी दंपती रुक्साना और मेनुद्दीन को बरी करते हुए कहा कि नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत कार्रवाई तभी संभव है, जब जारी किया गया चेक वास्तविक और वैध देनदारी के बराबर या उससे कम राशि का हो। मामले में शिकायतकर्ता ने चेक बाउंस होने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। सुनवाई के दौरान अदालत के सामने आया कि ब्याज की गलत गणना के कारण चेक में दर्ज राशि वास्तविक बकाया रकम से ज्यादा थी। अदालत ने कहा कि जब चेक की राशि ही वैध देनदारी से अधिक हो जाती है, तो धारा 138 के तहत अपराध का आधार कमजोर हो जाता है। इसी आधार पर अदालत ने आरोपी दंपती को दोषमुक्त कर दिया। (पढ़े पूरी खबर)
रिंग रोड पर बनेगा 55 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर: राजधानी दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए एक बड़ी योजना को मंजूरी मिल गई है। दिल्ली सरकार ने रिंग रोड(Ring Road) पर करीब 55 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की योजना के पहले चरण को स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना के तहत रिंग रोड पर कुल 6 एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाने की योजना है। पहले चरण में 3 कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में काम शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। सरकार का मानना है कि इन एलिवेटेड कॉरिडोर के बनने से रिंग रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा और यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही, प्रमुख हिस्सों में यात्रा का समय घटाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

