दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (25 मई 2026) की खबरों में यमुना सफाई पर रेखा सरकार का बड़ा कदम, दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा जिमखाना क्लब जमीन विवाद, दिल्ली-केलोंग-लेह बस सेवा फिर शुरू, महिला आरक्षण प्रदर्शन मामले में अलका लांबा दोषी करार, दिल्ली में गहराया जल संकट, यमुना का जलस्तर 6 फीट नीचे प्रमुख रहा।

यमुना सफाई पर रेखा सरकार का बड़ा कदम

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व में दिल्ली सरकार (Government of Delhi) ने राजधानी में जल संकट और प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने यमुना नदी (Yamuna River) के पुनर्जीवन और नजफगढ़ ड्रेन (Najafgarh Drain) की सफाई को मिशन मोड में आगे बढ़ाते हुए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली में जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना, सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता बढ़ाना और पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाना है। इसके तहत सीवर नेटवर्क के विस्तार, आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) विकसित करने और जलापूर्ति प्रणाली में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में गहराया जल संकट, यमुना का जलस्तर 6 फीट नीचे

राजधानी में भीषण गर्मी के साथ जल संकट ने भी विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। तापमान बढ़ने के साथ ही यमुना नदी (Yamuna River) का जलस्तर खतरनाक स्तर तक घट गया है, जिसका सीधा असर राजधानी की पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के अनुसार, यमुना में पानी कम होने की वजह से वजीराबाद, चंद्रावल और हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) की उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। इसके चलते इन प्लांटों से पानी की आपूर्ति 10 से 25 प्रतिशत तक कम हो गई है। जल बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में सामान्य दिनों की तुलना में रोजाना करीब 70 से 75 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रतिदिन) कम पानी की सप्लाई हो रही है। इसका असर राजधानी के कई इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है, जहां लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा जिमखाना क्लब जमीन विवाद

राजधानी दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित दिल्ली जिमखाना क्लब (Delhi Gymkhana Club) की करीब 27.3 एकड़ जमीन को खाली कराने के केंद्र सरकार के फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई सोमवार 26 मई को जस्टिस अवनीश झींगन (Avnish Jhingan) की अदालत में होने वाली है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को क्लब के सदस्यों की एक अहम बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान हाई कोर्ट में याचिका दायर करने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। क्लब के सदस्यों ने केंद्र सरकार के फैसले पर आपत्ति जताते हुए इसे अदालत में चुनौती देने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी क्लब की ओर से अदालत में दलीलें पेश करेंगे। केंद्र सरकार ने क्लब के अधिग्रहण के लिए 5 जून 2026 की तारीख तय की है, लेकिन उससे पहले ही इस फैसले को कानूनी चुनौती दी गई है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-केलोंग-लेह बस सेवा फिर शुरू

लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (HRTC) ने दिल्ली-केलोंग-लेह (Delhi-Keylong-Leh) बस सेवा को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। यह सेवा 26 मई से दोबारा संचालित होगी, जिससे लद्दाख (Ladakh) जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। मनाली-लेह (Manali-Leh) हाईवे करीब एक सप्ताह पहले खुलने के बाद अब रास्ते सामान्य हो गए हैं, जिसके चलते बस संचालन फिर से बहाल किया जा रहा है। यह बस दिल्ली से शुरू होकर केलोंग होते हुए सीधे लेह तक जाती है। इस सेवा के शुरू होने से पर्यटकों, स्थानीय लोगों और व्यापारियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी और लद्दाख तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

महिला आरक्षण प्रदर्शन मामले में अलका लांबा दोषी करार

नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) ने महिला आरक्षण (Women’s Reservation) से जुड़े विरोध प्रदर्शन मामले में कांग्रेस की पूर्व विधायक अलका लांबा (Alka Lamba) को दोषी करार दिया है। यह मामला वर्ष 2024 में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से संबंधित है। आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया था। अदालत ने दोष सिद्ध होने के बाद सजा की मात्रा (सेंटेंसिंग) पर बहस के लिए 4 जून की तारीख तय की है। इस दिन अदालत यह तय करेगी कि दोषी को किस प्रकार की सजा दी जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

लालकिला कार धमाका साजिश में AI के इस्तेमाल का खुलासा: लालकिला कार धमाका साजिश (Red Fort Car Bombing Conspiracy) मामले में NIA ने बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, इस साजिश में शामिल अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का भी इस्तेमाल किया था। NIA सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने रॉकेट इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी तैयार किए थे। इनका परीक्षण जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड (Kazigund) के जंगलों में किया गया था। जांच में सामने आया है कि साजिश को अंजाम देने के लिए तकनीक और आधुनिक संसाधनों का उपयोग किया गया। एजेंसी का कहना है कि आरोपियों ने विस्फोटक उपकरणों को अधिक प्रभावी बनाने और योजना तैयार करने में AI आधारित टूल्स की मदद ली। यह खुलासा NIA द्वारा 14 मई को अदालत में दायर आरोपपत्र (Chargesheet) में किया गया है। एजेंसी फिलहाल मामले में शामिल अन्य संदिग्धों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है। (पढ़े पूरी खबर)

रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती: राजधानी दिल्ली में रॉन्ग साइड ड्राइविंग (wrong-side driving )करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने अभियान चलाया है। ट्रैफिक नियमों (Traffic Rules) की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर लगातार दो दिनों तक विशेष कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1170 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 12,568 वाहनों के चालान भी काटे गए। इसके अलावा 1,179 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली पुलिस में संसाधन बचत के लिए सख्त निर्देश : देशभर में संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग पर जोर के बीच दिल्ली पुलिस ने अपने कामकाज के तरीके में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद पुलिस विभाग ने ईंधन और बिजली की खपत कम करने के लिए कई नए दिशा-निर्देश लागू किए हैं। नई व्यवस्था के तहत सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करने, जहां संभव हो वहां सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने और कार्यालयी कामकाज को डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में फिर बढ़ी गर्मी: Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को एक बार फिर भीषण गर्मी और लू (heatwave)जैसे हालात बन गए। लोगों को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। IMD ने अगले 3 दिनों तक लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में फिलहाल गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी में 16 मई के बाद से अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बीते सप्ताह भर कई इलाकों में लू की स्थिति बनी रही। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m