दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (18 मई 2026) की खबरों में मेट्रो मंडे’ अभियान शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो और बस से किया सफर, ED की बड़ी कार्रवाई: AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार, चिड़ियाघर में घूमना हुआ आसान, ‘NZP Saathi’ ऐप से मिलेगा रूट मैप, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के बाद शराब घोटाला केस नई बेंच को ट्रांसफर प्रमुख रहा।

दिल्ली में ‘मेट्रो मंडे’ अभियान शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो और बस से किया सफर

नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को ‘मेट्रो मंडे’ अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग के लिए प्रेरित करना है। इस पहल के जरिए मेट्रो और बस जैसे साधनों को बढ़ावा देकर ट्रैफिक, ईंधन खपत और प्रदूषण कम करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री की अपील के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने खुद सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर इस अभियान को शुरू किया और लोगों को संदेश दिया कि वे भी निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और बसों को प्राथमिकता दें। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना, ईंधन की बचत करना और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाना है।

पढ़े पूरी खबर…..

ED की बड़ी कार्रवाई: AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार

ED ने आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को दिल्ली और गोवा में कई ठिकानों पर ED की टीमों ने घंटों तक छापेमारी की। इसी कार्रवाई के बाद एजेंसी ने AAP नेता दीपक सिंगला को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला कथित बैंक लोन फ्रॉड से जुड़ा हुआ है, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के तहत कई दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की भी पड़ताल की जा रही है। ED की टीम ने सुबह से ही दिल्ली और गोवा के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी ।

पढ़े पूरी खबर…..

चिड़ियाघर में घूमना हुआ आसान, ‘NZP Saathi’ ऐप से मिलेगा रूट मैप

नई दिल्ली। राजधानी के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान चिड़ियाघर (National Zoological Park Delhi) में आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की गई है। जू प्रशासन ने “NZP Saathi” नाम का नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसका बीटा वर्जन फिलहाल ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। इस ऐप के जरिए विजिटर्स को चिड़ियाघर में घूमना अब पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित होगा। ऐप में जानवरों की लोकेशन, रूट मैप, बैटरी ट्रॉली की जानकारी, खाने-पीने की जगहों और अन्य जरूरी सुविधाओं की पूरी जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन के अनुसार, इस डिजिटल पहल का उद्देश्य आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाना और भीड़भाड़ वाले समय में सही दिशा-निर्देश देना है। इससे लोगों को बिना भटके अपने पसंदीदा जानवरों और सेक्शन तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

पढ़े पूरी खबर…..

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के बाद शराब घोटाला केस नई बेंच को ट्रांसफर

नई दिल्ली। कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा (Swarna Kanta Sharma) के खुद को मामले से अलग करने के बाद अब यह केस नई बेंच को ट्रांसफर कर दिया गया है। दिल्ली हाई कोर्ट में अब इस मामले की सुनवाई Manoj Jain करेंगे। जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) समेत आम आदमी पार्टी के 6 नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू किए जाने के बाद जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने खुद को इस मामले की सुनवाई से अलग कर लिया था। अब अवमानना मामले की सुनवाई जस्टिस नवीन चावला (Navin Chawla) और जस्टिस रविंदर दुडेजा (Ravinder Dudeja) की खंडपीठ करेगी। अदालत मंगलवार को दोनों मामलों पर सुनवाई करेगी।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली पुलिस की नई फ्यूल सेविंग गाइडलाइन

प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) की फ्यूल बचाने की अपील के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने भी बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने अपने कर्मचारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट और Metro के अधिक इस्तेमाल के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए विभाग की ओर से एक विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की गई है। गाइडलाइन में गैर-जरूरी सरकारी खर्च और ईंधन की खपत कम करने के लिए कुल 13 उपाय सुझाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया है कि वे जहां संभव हो, निजी और सरकारी वाहनों की बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

मेट्रो कॉरिडोर के आसपास बनेगा नया हाउसिंग मॉडल: नई दिल्ली। DDA ने नई ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) नीति के तहत दिल्ली में मेट्रो कॉरिडोर के आसपास बड़े पैमाने पर हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे आवासीय क्षेत्र विकसित करना है, जहां लोग Metro के नजदीक रहते हुए बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इसके तहत उन इलाकों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां मेट्रो नेटवर्क पहले से मौजूद है या विस्तार के चरण में है। (पढ़े पूरी खबर)

कोर्टरूम विवाद के बाद रोहिणी कोर्ट के जज का ट्रांसफर: नई दिल्ली। रोहिणी कोर्ट (Rohini Court) में वकील के साथ कथित कहासुनी का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। हाई कोर्ट ने जारी आदेश में रोहिणी कोर्ट के जिला जज को दिल्ली न्यायिक अकादमी से अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के 2 दिन बाद हुई, जिसमें कथित तौर पर संबंधित जज को कोर्टरूम के अंदर एक वकील के साथ तीखी ज़ुबानी बहस करते हुए देखा गया था। वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद न्यायिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली को जल्द मिलेगा पहला ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर: दिल्ली के कमर्शियल वाहन चालकों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। दिल्ली का पहला पूर्णत: ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर (ATS) अब तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद कमर्शियल वाहन मालिकों और चालकों को फिटनेस टेस्ट कराने के लिए दिल्ली से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर(Automated Testing Center) नंदनगरी डिपो परिसर में बनाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) इसी माह इसका लोकार्पण कर सकती हैं। इसे लेकर DTC ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। इस सेंटर में कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच पूरी तरह स्वचालित तकनीक से की जाएगी। वाहन की ब्रेकिंग सिस्टम, प्रदूषण स्तर, हेडलाइट, सस्पेंशन, स्टीयरिंग और अन्य तकनीकी मानकों की जांच मशीनों के जरिए होगी। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में फिर बढ़ेगी तपिश: राजधानी दिल्ली में लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी दिल्ली में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों में गर्म और शुष्क हवाओं के कारण लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m