राकेश कथूरिया, कैथल। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दूसरे दिन राजौंद ब्लॉक के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों को स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी सपना और परियोजना अधिकारी सुमन की अध्यक्षता में हुआ।

स्वास्थ्य और पोषण पर दी जानकारी

कार्यक्रम का मुख्य विषय स्वास्थ्य एवं बाल सहभागिता रहा। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, बच्चों के नियमित टीकाकरण और एनीमिया की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई।

अभिभावकों को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में भी बताया गया। साथ ही बच्चों की वृद्धि और विकास की नियमित निगरानी को लेकर जागरूक किया गया।

बच्चों के लिए कराई गईं गतिविधियां

बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। माताओं और अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और सामाजिक विकास महत्वपूर्ण है। अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित टीकाकरण पर ध्यान देने की अपील की गई।

ये कर्मचारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर सुपरवाइजर, एएनएम, आशा वर्कर और अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और पंच भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m