बसपा से निष्कासित आकाश आनंद की अगली राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं तेज हैं और उन्हें सपा के बाद कांग्रेस से भी प्रस्ताव मिला है. कांग्रेस नेता उदित राज ने उन्हें पार्टी में शामिल होने का ऑफर देते हुए राहुल गांधी से मुलाकात कराने की बात कही है.
लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित पार्टी के चीफ को आर्डिनेटर रहे आकाश आनंद की अगली राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. समाजवादी पार्टी के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी उन्हें पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि अगर कोई आकाश आनंद को लेकर आता है तो उन्हें समाजवादी पार्टी में शामिल किया जाएगा. इसके बाद कांग्रेस के दलित नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने भी आकाश आनंद को कांग्रेस में आने का ऑफर दिया है.
राहुल गांधी से मुलाकात
उदित राज ने कहा है कि आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर आकाश आनंद कांग्रेस में आना चाहते हैं तो वह उन्हें राहुल गांधी से मिलवा सकते हैं.
हालांकि, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में शामिल करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इसलिए फिलहाल इसे उदित राज की ओर से दिया गया राजनीतिक प्रस्ताव ही माना जा रहा है.
मायावती पर निशाना
उदित राज ने आकाश आनंद को बसपा से बाहर किए जाने के फैसले को मायावती का आत्मघाती कदम बताया. उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी से बाहर करना बहुजन राजनीति के लिए नुकसानदेह हो सकता है.
इस प्रस्ताव के बाद आकाश आनंद की अगली राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
अजय राय का समर्थन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय भी आकाश आनंद के समर्थन में सामने आए हैं. उन्होंने बसपा अध्यक्ष मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि आकाश आनंद निश्चित तौर पर अपने लोगों की बात कर रहे थे, जो मायावती को रास नहीं आ रही थी.
अजय राय ने आरोप लगाया कि बसपा बीजेपी की ‘बी-टीम’ के तौर पर काम कर रही है और मायावती बीजेपी से अलग हटकर कोई काम नहीं करना चाहतीं. वहीं, आकाश आनंद की ओर से कांग्रेस के इस प्रस्ताव पर अभी कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.



