Rajasthan News: जोधपुर/नाथद्वारा. राजस्थान के नाथद्वारा से भाजपा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने वक्फ कानून और महाराणा सांगा पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है.
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वक्फ कानून देश की संसद द्वारा पारित कानून है और यह मुस्लिम समुदाय के हित में लाया गया है, जिसे सभी नागरिकों को मानना होगा. साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन की महाराणा सांगा को लेकर की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसे बयान जानबूझकर विवाद खड़ा करने के लिए दिए जा रहे हैं.

“मुस्लिमों के हित में है वक्फ कानून”
विश्वराज सिंह ने वक्फ कानून को लेकर कहा, “यह कानून संसद में देर रात तक चली बहस और चर्चाओं के बाद पारित किया गया. कानून बनाने की एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया होती है और जब संसद किसी कानून को मंजूरी देती है, तो वह पूरे देश के लिए बाध्यकारी बन जाता है. कुछ लोग इसका पालन नहीं करना चाहते और यह दिखाना चाहते हैं कि वे कानून से ऊपर हैं, लेकिन ऐसा नहीं चलेगा.”
“पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है”
उन्होंने कहा कि वक्फ कानून के लागू होने से जमीनों के लेन-देन में पारदर्शिता आई है. अब किसी भी भूमि पर दावा करने के लिए दस्तावेज़ी सबूत देना अनिवार्य है. “कोई भी दावा बिना दस्तावेज के मान्य नहीं होगा. चाहे जमीन कितनी भी पुरानी क्यों न हो, उसके ट्रांसफर के लिए कानूनी प्रक्रिया जरूरी है.” उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कानून से भूमि विवादों में जवाबदेही और स्पष्टता बढ़ेगी.
“महाराणा सांगा पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण”
वहीं, महाराणा सांगा को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन की टिप्पणी पर नाराज़गी जताते हुए विधायक ने कहा, “महाराणा सांगा का इतिहास किसी से छिपा नहीं है. उनका जीवन और वीरता आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं. इस तरह की बातें सिर्फ विवाद खड़ा करने के लिए कही जा रही हैं. यह उस नेता का व्यक्तिगत विचार हो सकता है, लेकिन यह बेहद आपत्तिजनक है.”
उन्होंने आगे कहा कि अगर देश के सर्वोच्च सदन में इस तरह के बयान दिए जाएंगे, तो यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि चिंताजनक भी है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि “अगर ऐसे लोगों को राज्यसभा भेजा जा रहा है, तो जनता को गंभीरता से विचार करना चाहिए.”
पढ़ें ये खबरें
- MP वालों हो जाओ सावधान! 2000 से ज्यादा फूड सैंपल फेल, मिलावट में ग्वालियर नंबर वन, जानें कहां कौन से सैंपल मिले फेल
- दिल्ली में मानसून से पहले ड्रेनों की सफाई पर NGT सख्त, जानकारी न देने पर DUSIB पर जुर्माना
- ‘मैं अभी भी कांग्रेस में हूं’, विधायक निर्मला सप्रे के बयान को हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में लिया, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सबूत पेश करने के दिए निर्देश
- आगरा में 48 आपत्तिजनक वीडियो वायरल, मचा हड़कंप, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, जांच जारी
- भारत समेत दुनियाभर में इंटरनेट ठप होने का खतरा: अमेरिका से जंग बढ़ने पर होर्मुज में बिछीं इंटरनेट केबल्स को काट सकता है ईरान, भारत का एक-तिहाई वेस्टबाउंड इंटरनेट ट्रैफिक इसी रास्ते जाता है
