चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमपी के इंदौर में बिल्डिंग की लिफ्ट से गायब हुए 8 लाख कैश से भरा बैग गायब होने से सनसनी मच गई। पुलिस ने शिकायत के बाद एक आरोपी को दबोच कर पैसे बरामद कर लिए हैं। फरियादी लोन लेने के बाद बैग में रुपया रख अपने घर की बिल्डिंग की लिफ्ट में भूल गए थे और इसी का फायदा उठाकर आरोपी युवक बैग लेकर चला गया था।
डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक राऊ क्षेत्र में रहने वाले मुकेश पांचाल नामक व्यक्ति ने अपनी निजी आवश्यकता को लेकर बैंक से 8 लाख रुपयों का लोन लिया था। रकम एक बैग में रखकर वह अपने घर की बिल्डिंग पर पहुंचे और लिफ्ट से अपने फ्लैट में जाने लगे। तभी लिफ्ट से उतरकर अपने फ्लैट में चले गए लेकिन बैग लिफ्ट में ही भूल गए।
कुछ देर बाद जब उन्हें याद आया तो उन्होंने दौड़ लगाई लेकिन लिफ्ट में पैसों से भरा बैग नहीं मिला। दरअसल, वह बैग दूसरे शख्स को मिल गया था जिसे देखकर उसके मन में लालच आ गया और वह बैग लेकर भाग गया था। पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी की जांच की गई।
जांच पड़ताल के दौरान एक युवक बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। युवक की पहचान अमन जैन नामक शख्स के रूप में हुई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया और उसके पास से बैग और उसमें रखे 8 लाख बरामद कर लिए। युवक का पुराना कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ में उसने बताया कि लालच के कारण उसने वह बैग उठा लिया था और अपने साथ ले गया था। फिलहाल पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई को अंजाम दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



