पटना। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बिहार भाजपा ने राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी का उद्देश्य है कि बजट की घोषणाएं सिर्फ संसद तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और आम लोगों तक सीधे पहुंचें। भाजपा का मानना है कि योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे बिना विकास का लक्ष्य अधूरा रहेगा।
चार सदस्यीय समन्वय टीम गठित
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए पार्टी ने चार सदस्यीय टीम बनाई है। इसमें पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल, विधायक मनोज शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और प्रवक्ता प्रीति शेखर को जिम्मेदारी दी गई है। यह टीम राज्यभर में होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी करेगी।
मंडल स्तर तक बजट भाषण का लाइव प्रसारण
प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने बताया कि संसद में पेश होने वाले बजट भाषण को मंडल स्तर तक सामूहिक रूप से सुनने और देखने की व्यवस्था की गई है। निर्धारित स्थानों पर टीवी के जरिए लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी दरभंगा में, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में और विजय कुमार सिन्हा मुजफ्फरपुर में नागरिकों के साथ बजट सुनेंगे। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव भागलपुर और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार गया में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
2 से 10 फरवरी तक जिला स्तरीय कार्यक्रम
2 से 10 फरवरी के बीच सभी जिलों में संवाद कार्यक्रम, प्रेस कॉन्फ्रेंस और विचार-विमर्श सत्र आयोजित होंगे। इनमें मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। युवा, किसान, महिला, व्यापारी और विशेषज्ञों के साथ बजट पर चर्चा की जाएगी।
राजनीति नहीं, जनहित प्राथमिकता
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि जनता को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बजट से जुड़ी गतिविधियों को साझा किया जाएगा, ताकि अधिकतम लोगों तक संदेश पहुंचे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


