सत्या राजपूत, रायपुर। राज्य में निजी (प्राइवेट) स्कूलों की लोकल कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा अब जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के माध्यम से कराई जाएगी। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाओं के लिए सभी डीईओ को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार, कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं निर्धारित नियमों के तहत संचालित की जाएगी। परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र निर्माण, मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से तय प्रक्रिया के अनुसार होगी।

शिक्षा विभाग का उद्देश्य निजी स्कूलों में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, एकरूप और अनुशासित बनाना है, ताकि सभी विद्यार्थियों का मूल्यांकन समान मापदंडों पर हो सके। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी निजी विद्यालयों को जारी गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। जिला शिक्षा अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में निजी विद्यालयों की परीक्षा व्यवस्था की निगरानी और समन्वय सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।शिक्षा विभाग के इस निर्णय से निजी स्कूलों की परीक्षा प्रणाली पर प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा और विद्यार्थियों को निष्पक्ष मूल्यांकन का लाभ मिलेगा।

सभी डीईओ को जारी दिशा-निर्देश

01. जिले में कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वी, 9वीं, एवं 11 वीं की वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी पूर्ण रूपेण उत्तरदायी होंगे।
02. जिला स्तर पर जिला स्तरीय संचालन समिति, प्रश्न पत्र निर्माण समिति एवं मॉडरेशन समिति का गठन 05 फरवरी 2026 तक कर लिया जाए।
03. कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वीं, 9वीं, एवं 11वीं परीक्षा में राज्य के समस्त शासकीय विद्यालय, अनुदान प्राप्त विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध अशासकीय गैर अनुदान प्राप्त विद्यालयों (हिन्दी, अंग्रेजी माध्यम) के विद्यार्थी अनिवार्य रूप से सम्मिलित होंगे।
04. सीबीएसई, आईसीएसई एवं भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालय इसमें शामिल नहीं होंगे।
05. कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के ब्लूप्रिंट अनुसार प्रश्न पत्र का निर्माण किया जाए।
06. परीक्षा की पूर्व तैयारी के लिए सेम्पल प्रश्न पत्रों का निर्माण कर छात्र-छात्राओं को अभ्यास कराया जाए।
07. 28.02.2026 तक समस्त कक्षाओं के विषयों का पाठ्यकम पूर्ण कर लिया जाए, तत्पश्चात रिवीजन कराया जाए।
08 प्रायोजना कार्य की वार्षिक परीक्षा 05.03.2026 तक पूर्ण कर लिया जाए।