कानपुर. बिठूर थाना क्षेत्र से मन को व्यथित कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक हॉस्पिटल में नवजात बच्ची की झुलसकर मौत हो गई. इस घटना ने लोगों को स्तब्ध करके रख दिया है. ये दुर्घटना एक निजी नर्सिंग होम में हुई है. इसे प्रबंधन की लापरवाही माना जा रहा है. प्रसव के बाद बच्ची को NICU के वार्मर मशीन में रखा गया था. जहां वार्मर मशीन के ओवर हीट होने से वो झुलस गई. मौत के बाद बच्ची का पूरा शरीर काला पड़ गया था.

जानकारी के मुताबिक बिठूर कस्बे में स्थित राजा नर्सिंग होम प्रबंधन पर परिजनों ने आरोप लगाया कि दोपहर बाद बच्ची का जन्म ऑपरेशन से हुआ था लेकिन, जन्म के कई घंटों बाद भी उन्हें बच्ची को नहीं दिखाया गया. परिजनों ने जब जिद की तो देर शाम स्टाफ ने इसके बारे में बताया जिसके बाद परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई.

इसे भी पढ़ें : ऐसी क्या वजह थी? खुद को खत्म करने चली 19 साल की लड़की, डीजल डालकर किया आग के हवाले, 55 प्रतिशत झुलसी

बताया जा रहा है कि बच्ची को वॉर्मर मशीन में रखा गया था. लेकिन स्टाफ की लापरवाही की वजह से मशीन ओवरहीट हो गई और बच्ची की झुलसकर मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की शिकायत पर नर्सिंग होम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.