मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर प्रेम प्रसंग के चलते हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। शहर में एक 18 वर्षीय किशोर की मारपीट के बाद मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान राजू कुमार मांझी (18) के रूप में हुई है, जो शहर के एक मेस में काम कर अपनी जीविका चलाता था। जानकारी के अनुसार, राजू का पड़ोस की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते का लड़की के माता-पिता कड़ा विरोध कर रहे थे। आरोप है कि इसी रंजिश में लड़की के परिजनों ने राजू को पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
मृतक की मां के अनुसार, मारपीट के दौरान राजू के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गया। आनन-फानन में उसे SKMCH (श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में भर्ती कराया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष कुमार और कबूतरी देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में संलिप्त अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


