द्वारका में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 23 वर्षीय साहिल धनेशरा के लिए उनकी मां इन्ना माकन ने इंसाफ की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि 3 फरवरी को एक नाबालिग लड़का कथित तौर पर रॉन्ग साइड से एसयूवी चला रहा था, जिसने साहिल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी नाबालिग को जमानत मिलने के बाद साहिल की मां ने सोशल मीडिया पर भावुक अपील जारी की। उन्होंने अपने बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि परिवार को अब भी भरोसा है कि दोषी को सख्त सजा मिलेगी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, द्वारका के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुए घातक सड़क हादसे को लेकर सुबह करीब 11:57 बजे पीसीआर कॉल मिली। इसके बाद द्वारका साउथ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281/106(1)/125(a) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां दो कारें (जिनमें एक टैक्सी भी शामिल है) और एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिलीं। हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान 23 वर्षीय साहिल धनेशरा के रूप में हुई। शव का पोस्टमॉर्टम कर लिया गया है। घटना में घायल टैक्सी चालक अजीत सिंह को आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर लिया है और मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए मिली जमानत

दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त कार चला रहा 17 वर्षीय आरोपी अक्षत्र सिंह बिना ड्राइविंग लाइसेंस के था। नाबालिग होने के कारण उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया। हालांकि 10वीं बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है। उनकी मैकेनिकल जांच कराई गई, दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से टकराई, जिसके बाद वह सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से भी जा भिड़ी।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसके पिता के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199A के तहत कार्रवाई की गई है। नियमों के अनुसार, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने की जिम्मेदारी वाहन मालिक या अभिभावक पर भी तय की जाती है। आरोपी के पिता का नाम भी चार्जशीट में शामिल किया जाएगा।

मां ने ‘X’ पर क्या लिखा

साहिल धनेशरा की मां इन्ना माकन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक पोस्ट साझा कर अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने लिखा कि उनका बेटा 22 वर्षीय प्रतिभाशाली युवक था, जिसे उन्होंने एक सिंगल मदर के तौर पर पाला-पोसा, लेकिन बिना लाइसेंस कार चला रहे एक नाबालिग ने उसकी जान ले ली। मां के मुताबिक, 3 फरवरी को साहिल ऑफिस जा रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चला रहे लड़के ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आकर स्टंट किया। आरोप है कि कार में बैठी उसकी बहन “रील” बना रही थी और इसी दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मार दी गई। हादसे में एक कैब ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ।

इन्ना माकन ने बातचीत में कहा कि यह सिर्फ दुर्घटना नहीं बल्कि आपराधिक लापरवाही का मामला है। उनका दावा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी ओवर-स्पीडिंग के चालान थे, फिर भी उसे वाहन चलाने से नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पैसे और रसूख के भरोसे सड़क पर नियमों की अनदेखी करते हैं, लेकिन इस लापरवाही ने उनके इकलौते बेटे की जान ले ली। अब वह अपने बेटे के लिए सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रही हैं।

आनन-फानन में घटनास्थल पहुंची मां तो क्या देखा?

साहिल धनेशरा की मां इन्ना माकन ने हादसे के बाद का दर्दनाक मंजर बताते हुए कहा कि पुलिस की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो बेटे का शव देखकर करीब 10 मिनट तक बेसुध रहीं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर साहिल की स्पोर्ट्स बाइक तीन टुकड़ों में बिखरी पड़ी थी और उसकी जैकेट के भी चिथड़े उड़ चुके थे। वहां एक एंबुलेंस खड़ी थी, लेकिन उनका बेटा अस्पताल तक नहीं पहुंच पाया था। मां के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने उन्हें फोन पर पहले ही बेटे की मौत की सूचना दे दी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद से वह लगातार अपने इकलौते बेटे के लिए न्याय की मांग कर रही हैं।

मामला 3 फरवरी का है, कैब ड्राइवर भी चोटिल

3 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11:57 बजे राजधानी के द्वारका इलाके में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद अनियंत्रित होकर वहां खड़ी एक कैब से भी जा भिड़ी। हादसे में बाइक सवार साहिल धनेशरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैब ड्राइवर घायल हो गया। घायल ड्राइवर को तुरंत आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार चला रहा आरोपी 17 साल का नाबालिग है। उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किए जाने के बाद ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया था, लेकिन 10वीं बोर्ड परीक्षा के चलते उसे अंतरिम जमानत दे दी गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m