Sarguja News Update : अंबिकापुर। शहर में सड़क सुरक्षा को खतरे में डालकर कार में स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हाल ही में नवापारा मुख्य मार्ग पर एक मामले में, बोनट पर बैठकर स्टंट करने वाले युवकों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन चालक और स्वामी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और न्यायालय ने वाहन स्वामी पर 37 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही वाहन स्वामी का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, नवापारा मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों द्वारा एमजी हेक्टर (वाहन क्रमांक CG15EE5665) में स्टंट बाजी की जा रही थी। इस दौरान एक युवक बोनट पर बैठा था, जबकि दूसरा युवक रूफ से सिर बाहर निकालकर उत्पात मचा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में गांधीनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और वाहन को जब्त कर नाबालिकों से पूछताछ की। पुलिस ने जांच में पाया कि नाबालिक वाहन चालक द्वारा एमवी एक्ट की धारा 4/181 और 184 का उल्लंघन किया गया, जबकि वाहन स्वामी द्वारा वाहन नाबालिक को अनधिकृत रूप से प्रदान करने पर धारा 199A और 5/180 के तहत अपराध दर्ज किया गया। जुर्माना राशि जमा नहीं होने पर मामला इस्तगासा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से वाहन स्वामी, पटपरिया निवासी 32 वर्षीय जितेन्द्र सोनी (आ. नंदू सोनी) पर 37 हजार रूपए का अर्थदंड लगाया गया।
मुख्यमंत्री से मिले कांग्रेसी, समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन
बैकुंठपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सर्किट हाउस बैकुंठपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट की और जिले की विभिन्न जनहितकारी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे रखे और शीघ्र समाधान के निर्देश देने का आग्रह किया। इसमें कोरिया जिले को संभाग का दर्जा प्रदान करने, शहर में खरक्त से जमगहना तक मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण, जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा प्रमुख सरकारी कार्यालयों की स्थापना जैसी मांगें शामिल थीं। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने सलका स्थित स्टेडियम के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने और बैकुंठपुर स्थित जीर्ण-शीर्ण रामानुज क्लब भवन को ध्वस्त कर नए भवन के निर्माण की भी मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ट्रेन की चपेट में आन से महिला की मौत
अंबिकापुर। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन से उतर रही महिला अचानक गिरने से ट्रेन के नीचे जा घुसी, दुर्घटना में गंभीर हुई महिला की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जानकारी के अनुसार चरचा अंतर्गत ग्राम खाराटिल चिटकारी निवासी चंद्रावती पति शिवराम साहू (55 वर्ष) 12 फरवरी को परिवार के साथ सत्संग में गई गई थी। सत्संग में शामिल होने के पश्चात 16 फरवरी को ट्रेन वापस लौट रही थी। जैसे ही चरचा रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर पुत्र हाथ पकड़ कर ट्रेन से उतारने लगा तभी ट्रेन के आगे बढ़ जाने से महिला नीचे गिर और पटरी में जा घुसी। घटना को देख लोगों ने किसी तरह ट्रेन को रोका और महिला को गंभीर हालत में पटरी से बाहर निकाला। परिजन तत्काल महिला को बैकुंठपुर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के पश्चात मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करने के पश्चात लाश का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द किया है।
घर तोड़ते समय दीवार गिरने से मजदूर की मौत
अंबिकापुर। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चितरपुर निवासी रामफल आ. सुनू नगेसिया (21 वर्ष) की घर तोड़ने के दौरान दीवार गिरने से मौत हो गई। रामफल अपने भतीजे कैलाश के साथ चोपड़ा पारा निवासी आकाश चोपड़ा के घर मजदूरी करने आया था। जानकारी के अनुसार, रामफल अन्य मजदूरों के साथ मिलकर आकाश चोपड़ा के पुराने घर को तोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई और रामफल इसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को देख रहे अन्य मजदूर तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिश्रामपुर। रेलवे में भृत्य पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से ठगी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को जयनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम आमगांव निवासी बालरूप सिंह ने 4 मई 2025 को थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि सितंबर 2023 में उनके परिचित अज्जू सिंह, पिता बुढ़न सिंह, निवासी ठाकुरपुर थाना गांधीनगर ने रेलवे विभाग में भृत्य की नौकरी लगाने के नाम पर 2,38,600 रुपए लिए थे। नौकरी नहीं मिलने पर आरोपी ने केवल 70,000 रुपए वापस किए और बाकी की राशि लौटाई नहीं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 420 और 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने 6 मई 2025 को अज्जू सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी सुदामा दास के साथ मिलकर रेलवे विभाग में भृत्य की नौकरी दिलाने के नाम पर प्रार्थी और उसके भाई से कुल 2,38,600 रुपए धोखाधड़ी के जरिए लिए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद फरार सुदामा दास को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। पूछताछ में सुदामा ने भी अज्जू के साथ मिलकर ठगी करने की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
अंबिकापुर। कांसाबेल अंतर्गत ग्राम बटईकेला निवासी दयानंद भैसा आ. सुबतधन भैया (55 वर्ष) सुबह लगभग 9 बजे किसी काम के सिलसिले में बाइक से पत्थलगांव की ओर ग्राम टेड़गा जा रहे थे। जैसे ही वह बतौली और कुनकुरी के बीच पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को देख राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायल को बतौली शांतिपारा अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दयानंद भैसा को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय मृतक के साथ कोई नहीं था, इसलिए पुलिस ने उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजन के आने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसके परिवार को सुपुर्द किया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


