सोहराब आलम/ मोतिहारी। बिहार की नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के मास्टरमाइंड आदर्श कुमार को जानपुल चौक से दबोच लिया है। आदर्श न केवल एक शातिर चोर है, बल्कि वह पूर्व में शिवहर जेल से फरार भी हो चुका था।
फरारी के दौरान बनाया संगठित नेटवर्क
जेल से भागने के बाद आदर्श शांत बैठने के बजाय अपराध की दुनिया में और सक्रिय हो गया। उसने एक संगठित नेटवर्क तैयार किया जो विभिन्न जिलों से बाइक चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाता था। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से मास्टर चाबियां, 20 से अधिक सिम कार्ड और अलग-अलग जिलों की कई नंबर प्लेट्स बरामद हुई हैं। बरामद चाबियों की मदद से वह किसी भी मॉडल की बाइक को पलक झपकते ही अनलॉक कर देता था।
नेपाल कनेक्शन का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह चोरी की गई बाइकों को सीधे नेपाल भेज देता था। वहां ऊंचे दामों पर बाइक बेचने के लिए वह फर्जी कागजात तैयार करवाता था और वाहन की पहचान पूरी तरह बदल दी जाती थी, ताकि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर जांच के दौरान पकड़ा न जा सके।
पुलिस की अगली कार्रवाई
नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को चिह्नित कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं ताकि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


