Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल में इन दिनों बजट सत्र चल है। सत्र के दौरान दोनों सदनों में पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप और प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को विधानसभा में बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी ने सत्र के दौरान तंज कसते हुए राजद सुप्रीमो लालू यादव पर बड़ा हमला बोला।

दरअसल चर्चा के दौरान मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, मैं एक दिन हनुमान जी के मंदिर में पूजा करने जा रहा था। वहीं, एक बच्चा जोर-जोर से चिल्ला रहा था। वह कह रहा था ₹2 में चालीसा ले लो। दो रूपये में चालीसा ले लो। हम यह देखते-देखते अन्दर चले गए। जब लौटे तो देखा कि एक बुढ़िया अम्मा उस बच्चों से झगड़ा कर रही थी। मैंने अम्मा से पूछा कि क्यों लड़ रही है तो बुढ़िया मां ने कहा की बेटा बच्चे ने कहा कि ₹2 में चालीसा ले लो। मैंने चालीसा समझ कर ₹2 दे दिया। लेकिन मुझे इसको देना था हनुमान चालीसा। इसने दे दिया लालू चालीसा। जब मैंने उस बच्चे को डांटा तो बच्चे ने कहा की अरे आपके हनुमान जी ने क्या किया। केवल एक लंका ही तो जलाई है। हमारे लालू जी ने पूरा बिहार जला दिया। इसलिए सबको लालू चालीसा पढ़ना चाहिए।

मिथिलेश तिवारी ने आगे कहा कि, इनके (लालू) राज में 32,000 से अधिक अपहरण हुए। गांधी मैदान में अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था कि किसलय को किसने छिपाया। उनकी आवाज बिहार के जनता के कानों में गई थी। इनके राज में 18 हज़ार से अधिक हत्याएं हुई थी और एक सौ से अधिक नरसंहार को अंजाम दिया गया था।

इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए रोहिणी आचार्य की शादी का भी मुद्दा उठाया। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, एक मुख्यमंत्री की बेटी की शादी में बिहार कलंकित हुआ और आरोप लगाया कि शादी के दौरान गाड़ी खींची गई और सोफा लूटा गया। इस बयान पर राजद विधायकों ने कड़ा विरोध जताया। राजद के एक विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि, आपने देश जलाया है, ये गलत बोल रहे हैं। इसके बाद सदन में तीखी बहस शुरू हो गई। इसपर मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि, अगर मिथिलेश तिवारी गलत बोल रहे हैं तो राजद के विधायक शपथ लेकर कह सकते हैं कि वे गलत हैं।

ये भी पढ़ें- ‘मेरी सुरक्षा से खिलवाड़’, पप्पू यादव ने पटना SSP पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- मुझसे कैसी घृणा? मेरा बिहार आना गुनाह