अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के चेनारी में आज शनिवार की शाम गुप्ता धाम महोत्सव 2026 का भव्य शंखनाद होने जा रहा है। श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक इस महोत्सव के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।
रामदुलारी गंगा उच्च विद्यालय में सजेगा मंच
महोत्सव का मुख्य आयोजन चेनारी स्थित रामदुलारी गंगा उच्च विद्यालय के प्रांगण में होगा। यहां एक विशाल और भव्य पंडाल बनाया गया है, जिसमें आगंतुकों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शाम 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक चलेगा, जिसमें गीतों और कला के माध्यम से गुप्ता धाम के पौराणिक महत्व को जीवंत किया जाएगा।
नामचीन कलाकारों का लगेगा जमावड़ा
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय और स्थानीय प्रतिभाओं का संगम देखने को मिलेगा। इस बार मंच पर भोजपुरी जगत के दिग्गज कलाकार अंकुश-राजा, शिवानी सिंह और अरविंद अकेला उर्फ ‘कल्लू’ अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इनके साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया गया है।
ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है गुप्ता धाम
गुप्ता धाम न केवल रोहतास बल्कि विश्व के प्राचीनतम पूजा स्थलों में से एक माना जाता है। यह मानवीय संस्कृति की एक अनमोल धरोहर है जो जिले को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाती है। इसकी महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर वर्ष पर्यटन विभाग द्वारा इस राजकीय महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


