प्रमोद कुमार/​भभुआ (कैमूर)। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के खिलाफ कैमूर में भाजपा का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रिशु सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया और शहर में जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला।

​विकास की राह में बाधा डाल रही कांग्रेस: भाजपा

​भाजपा नेताओं का कहना है कि जहां एक ओर पूरी दुनिया भारत को टेक्नोलॉजी और (AI) के भविष्य के रूप में देख रही है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता समिट में अभद्र तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर उनके कार्यकर्ता अब सत्ता पक्ष का विरोध करते-करते देश के विकास और गौरव का विरोध करने लगे हैं।

​एकता चौक पर हुआ पुतला दहन

​भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका से एकता चौक तक आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान ‘प्रधानमंत्री मोदी जिंदाबाद’ और कांग्रेस विरोधी नारे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता से विपक्षी दल बेचैन हैं। समिट में विश्वभर की बड़ी कंपनियों के बीच भारत की मजबूत उपस्थिति को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​वरिष्ठ नेताओं की रही उपस्थिति

​इस विरोध प्रदर्शन में भभुआ विधायक भरत बिंद, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज जयसवाल, संतोष खरवार, रघुवंश प्रसाद राम, देवलाल पासवान, और आरएलएम के जिला अध्यक्ष उमाशंकर कुशवाहा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि एआई भारत के लिए गौरव का विषय है और इसके विरोध का मतलब देश की प्रगति को रोकना है।