Surguja News Update : लखनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुन्त्री में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस लापरवाही पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने संज्ञान लिया है। मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए दोषी स्टाफ पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रभारी बीएमओ विनोद भार्गव से इस बात पर नाराजगी जताई कि अस्पताल में स्वीपर (सफाई कर्मचारी) द्वारा प्रसव कराया गया, जिससे नवजात की जान चली गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सुविधाओं में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुन्त्री की जो नसें दूसरे केंद्रों में अटैच हैं, उन्हें तत्काल मूल पदस्थापना पर वापस बुलाने के लिए संभागीय संयुक्त संचालक को पत्र भेजा गया है।

यह है मामला

ग्राम जमदरा निवासी गौरी यादव का विवाह सुपलगा में हुआ है। वह गर्भवती थी जिससे अपने मायके जमदरा आई हुई थी। 16 फरवरी की रात 11 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे कुन्नी अस्पताल ले गए। उस दौरान अस्पताल में न तो चिकित्सक थे और न ही स्टाफ नर्स। वहां केवल एक स्वीपर मौजूद था। स्वीपर खुद डॉक्टर बन गया और महिला को भर्ती कर लिया। 17 फरवरी को प्रातः सात बजे उसने प्रसव कराने का प्रयास किया, अनुभव नहीं होने के चलते स्वीपर सफल नहीं हो पाया और बच्चा गर्भ में ही फंस गया। कुछ देर बाद चिकित्सक पहुंचे और किसी प्रकार प्रसव कराया, मगर तब तक नवजात की सांसे थम चुकी थी। परिजनों ने कहा कि यदि अस्पताल में चिकित्सक मौजूद रहते तो संभवतः नवजात की मौत नहीं होती।

चरित्र शंका पर हथौड़े से हमला कर पत्नी की हत्या

सूरजपुर। प्रतापपुर थानांतर्गत ग्राम सरहरी में हथौड़े से मारकर पत्नी की हत्या करने के मामले में प्रतापपुर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी बलरामपुर जिले के रामानुजगंज के एक गांव में उसकी बड़ी बहन के यहां से की गई है। हत्या का कारण पत्नी का साथ न रहना और चरित्र शंका बताया गया है। बता दें कि प्रतापपुर के सरहरी में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात अपने साले सुरेश की शादी में शामिल होने आए रेवटी के गणेश कुशवाहा ने अपनी पत्नी, साली और एक अन्य महिला पर हथौड़े से जबरदस्त वार कर दिया था। हमले में उसकी पत्नी यशोदा की मौत हो गई थी। साली गंगोत्री का इलाज रायपुर में और एक अन्य महिला पिंकी का इलाज अंबिकापुर में चल रहा है। घटना के सामने आते ही पुलिस की तीन टीम आरोपित की खोजबीन में जुट गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर डीएसपी अनूप कुमार एक्का ने प्रतापपुर चंदौरा और रेवटी की संयुक्त टीम गठित की थी। टीम ने आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर सबसे पहले उसके घर पर दबिश देते हुए स्वजनों से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी थी। काफी मशक्कत के बाद साइबर सेल की सहायता से पुलिस को उसका लोकेशन मिला। आरोपित रामानुजगंज के एक गांव में अपनी बड़ी बहन के यहां छिपा हुआ था। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस की टीम शनिवार को उसे वहां से पकड़ कर लाई। आरोपित गणेश कुशवाहा ने हत्या करना स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि जब वह ठीक था तब उसकी पत्नी उसके साथ रहती थी लेकिन जब वह गाड़ी से गिरने के बाद शारीरिक रूप से अस्वस्थ्य रहने लगा तो पत्नी ने उसे छोड़कर अपने मायके में रहना शुरू कर दिया था। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक था। साली को इसलिए मारा क्योंकि वह उसका साथ देती थी और पिंकी को इसलिए मारा क्योंकि वह घटना के समय उसे पकड़ने की कोशिश कर रही थी।

झारखंड ले जा रहे तीन बैल जब्त, दो गिरफ्तार

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना चांदों पुलिस ने मवेशी तस्करी के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से तीन बैलों को मुक्त कर सुरक्षित जब्त किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी चांदों को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति ग्राम नावाडीह कला पियारटोली मार्ग से तीन बैलों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल झारखंड बॉर्डर की ओर बूचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मेन रोड पर दो व्यक्तियों को तीन बैलों को हांकते हुए झारखंड की ओर ले जाते पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम सुरेंद्र काशी निवासी धनजी एवं कपिल देव बताया।

रामपुर पीएचसी पहुंचे जेडी, नदारद नेत्र सहायक को नोटिस, कार्यकर्ता का वेतन रोकने के निर्देश

अंबिकापुर। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल सा कुमार शुक्ला ने शनिवार सुबह 10.50 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लापरवाही और अनुशासनहीनता देखने को मिली, जिस पर डॉक्टर शुक्ला ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के स्टाफ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह नजर आया। नेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर आशा कार्यकर्ता लोकनाथ सिंह का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। कई कर्मचारियों ने उपस्थिति रजिस्टर में साइन ही नहीं किए थे उन्हें भी नोटिस थमाया गया है।

लैब टेक्नीशियन की प्रताड़ना से नर्सों का नाइट ड्यूटी से इंकार

जशपुर। जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हेनझरिया की महिला कर्मचारियों ने नाइट ड्यूटी करने से मना कर दिया है। स्टाफ नर्सों ने लैब टेक्नीशियन संजय कुर्रे के खिलाफ बीएमओ से शिकायत की है। स्टाफ नर्सों के अनुसार लैब टेक्नीशियन अश्लील बातें व छेड़खानी की कोशिश करता है। उसने अस्पताल का माहौल ऐसा बना दिया है कि स्टाफ नर्सों के लिए ड्यूटी करना मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति में नाइट ड्यूटी में उन्हें बेहद खतरा है। वहीं बीएमओ इस मामले में जांच की बात कह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार बीएमओ को लिखे पत्र में शिकायतकर्ता नर्सों ने स्पष्ट किया है कि ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद लैब टेक्नीशियन संजय कुर्रे को स्टाफ नर्स ड्यूटी रूम और लैब में महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था। इसकी शिकायत करते ही लैब टेक्नीशियन कुर्रे ने अन्य स्टाफ स्वास्थ कर्मियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। शुक्रवार की शाम 2 बजे से 5 बजे के बीच लैब टेक्नीशियन ने सभी को देख लेने की धमकी दी। इसके साथ ही एक नर्स पर अभद्र टिप्पणी कर सभी के सामने जलील किया।

कीटनाशक छिड़काव कर किसान ने हाथ धोए बगैर पीया पानी, मौत

अंबिकापुर। लखनपुर के ग्राम कोरजा झुमकापारा में कीटनाशक को हाथ से घोलकर किसान खेत में छिड़काव करने के बाद लापरवाही पूर्वक सही से हाथ धोए बगैर जोढ़ी से पानी पी लिया। अचानक तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे मेडिकल कालेज चिकित्सालय में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि लखनपुर के घाम कोरजा झुमकापारा निवासी किसान परमेश्वर राम गौड पिता स्व. रामधन गौड कोरजाबह खेत में लगे फसल में कीटनाशक का छिड़काव करने गया था। एक डब्बे में कीटनाशक को डाल लापरवाही पूर्वक हाथ से बोलने के बाद उसे खेत में छिड़काव किया।

थोड़ी देर बाद जब उसे प्यास लगी तो परमेश्वर हाथ को सही से धोया नहीं और समीप होड़ी पहुंच हाथ से पानी पी लिया। सायं करीब चार बजे घर पहुंचा और उल्टी करने लगा। परिजन जब उससे पूछताछ किए तो बताया कि कीटनाशक हाथ से घोला था और सही से हाथ साफ नहीं हुआ था और पानी पी लिया। परिजनों को जानकारी लगते ही तत्काल लखनपुर चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कालेज चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान देर रात परमेश्वर ने दम तोड़ दिया।

फॉरेस्ट गार्ड की नौकरी लगाने वन मंत्री के मीडिया प्रभारी बन ठगी

अंबिकापुर। वनमंत्री का मीडिया प्रभारी बता शातिर ने वन विभाग में नौकरी लगाने का झांसा दे शहर के बौरीपारा महादेव गली निवासी एक युवक से दो लाख रुपए की ठगी करने का का नामला सामने आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि बौरीपारा महादेवगली निवासी कैलाश गुप्ता पिता रामलखन गुप्ता का परिचय रायपुर पारसनगर निवासी यासिर भाटी पिता रुस्तम से चार वर्ष पूर्व हुआ था। यासिर भाटी उसे वन मंत्री केदार कश्यप का मीडिया प्रभारी बताया था और कहा था कि कुछ भी काम होगा तो बताना। यासिर ने कैलाश से बोला था कि वन विभाग में वन रक्षक का पद खाली है अगर नौकनी करना है तो दो लाख रुपए लगेंगे। कैलाश उसके झांसे में आ गया और तीन दिसंबर 2024 को तीन बार फोन पे के माध्यम से 50, 40 व 30 हजार तथा 80 हजार रुपए नगद दिया था। रुपए देने के बाद बार-बार फोन करने पर यासिर टालमटोल करता रहता था। जब कैलाश को ठगी का एहसास हुआ और जब रुपए मांगने लगा तो आरोपी मोबाइल बंद कर दिया। मामले की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी रायपुर पारसनगर निवासी यासिर भाटी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।