अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में शादी का सपना दिखाकर भोली-भाली युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाकर धोखा देने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आ रही घटनाएं यह इशारा कर रही हैं कि प्रेम, भरोसा और शादी के नाम पर छल की यह प्रवृत्ति खतरनाक रूप लेती जा रही है। पुलिस ने हालिया मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब थमेगा यह सिलसिला?
केस 1 गर्भवती कर मुकरा आरोपी (अमलाई थाना)
ताजा मामला अमलाई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवती को शादी का प्रलोभन देकर आरोपी लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उससे साफ तौर पर मुंह मोड़ लिया। आहत पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
केस 2: मारपीट और धोखाधड़ी (गोहपारू थाना)
इसी तरह गोहपारू थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 से एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया। जब 16 फरवरी को पीड़िता ने शादी की बात कही तो आरोपी राजकुमार सोनी ने न सिर्फ शादी से इंकार किया, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
केस 3: अश्लील वीडियो और जान से मारने की धमकी (कोतवाली शहडोल)
शहडोल कोतवाली क्षेत्र में धनपुरी निवासी सुहैल मंसूरी का मामला भी चर्चा में रहा, वर्ष 2025 से वह एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर कई बार होटल ले गया और संबंध बनाए। शादी की बात उठने पर उसने अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
केस 4: पुजारी पर लगा शोषण का आरोप (महिला थाना)
शहडोल मुख्यालय में एक मंदिर के पुजारी द्वारा सीधी जिले की महिला का शोषण करने का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है। पुजारी शादी का झांसा देकर सालों तक महिला का शारीरिक शोषण करता रहा, अंत में शादी से मुकरने पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उचित वैधानिक कार्रवाई की है।
शहडोल में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं। जरूरत है जागरूकता, सख्त कानूनी कार्रवाई और युवतियों को समय रहते सचेत करने की, ताकि शादी के नाम पर होने वाले इस विश्वासघात पर रोक लगाई जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


