Modi Cabinet Decision: भारत के सबसे दक्षिणी राज्य केरल का नाम बदल गया है। केरल (Kerala) अब ‘केरलम’ (keralam) नाम से जाना जाएगा। मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नए ऑफिस सेवा तीर्थ में पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में केरल के नाम बदलने को मंजूरी दी गई। इसी के साथ ही केरल सरकार के राज्य का नाम अब केरलम हो गया है। यह कदम अप्रैल-मई में होने वाले केरल विधानसभा चुनावों से पहले उठाया गया है।

बता दें कि केरल विधानसभा ने 24 जून 2024 को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र से आग्रह किया था कि राज्य का नाम ‘केरल’ से बदलकर ‘केरलम’ किया जाए। इससे पहले अगस्त 2023 में भी इसी तरह का प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा गया था। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहले प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए कुछ तकनीकी बदलावों का सुझाव दिया था। इसके बाद राज्य विधानसभा ने संशोधित प्रस्ताव दोबारा पारित किया, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

इस प्रस्ताव को पेश करने वाले केरल के मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan चाहते थे कि संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में राज्य का नाम ‘केरलम’ किया जाए। उनका तर्क था कि ‘केरलम’ राज्य का मूल और स्थानीय उच्चारण है, जो उसकी सांस्कृतिक पहचान को बेहतर तरीके से दर्शाता है।

इन फैसले को भी मिली मंजूरी

इसके अलावे बैठक में 12 हजार करोड़ से अधिक के फैसले को मंजूरी दी गई। बैठक में हुए फैसले की जानकारी देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केरल का नाम बदलकर अब केरलम् कर दिया गया है। साथ ही अहमदाबाद मेट्रो लाइन का विस्तार, रेल रेलवे लाइन का दोहरीकरण और जूट का समर्थन मूल्य बढ़ाने का भी फैसला लिया गया है।

बता दें कि यूनियन कैबिनेट की पिछली बैठक 13 फरवरी को PMO के साउथ ब्लॉक वाले ऑफिस में हुई थी। इसके बाद PMO को नए ऑफिस में शिफ्ट कर दिया गया था। प्रधानमंत्री का ऑफिस 1947 से साउथ ब्लॉक में रहा। ये इमारत करीब 78 सालों से देश की सत्ता का केंद्र रही है।

₹1189 करोड़ की लागत से बना सेवा तीर्थ

सेवा तीर्थ का मतलब है ‘सेवा का स्थान’। पहले इसका नाम ‘एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव’ रखा गया था, लेकिन 2 दिसंबर 2025 में इसका नाम बदलकर सेवा तीर्थ रखा गया। यह नई दिल्ली में दारा शिकोह रोड पर एग्जीक्यूटिव एन्क्लेव में स्थित है। यह करीब 2.26 लाख वर्ग फीट (करीब 5 एकड़) में बना है। इसे एल एंड टी कंपनी ने ₹1189 करोड़ में बनाया है। नए PMO के पास ही प्रधानमंत्री का नया आवास भी बन रहा है। इसके तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित मौजूदा आवास से नए आवास में शिफ्ट हो जाएंगे। हालांकि, अभी इसकी तारीख सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m