पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में सस्ती क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के बहाने एक बीटेक छात्र से गनपॉइंट पर लूटपाट का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा महज 48 घंटे में करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का मास्टरमाइंड भी शामिल है.

पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्र को हाल ही में स्कॉलरशिप की राशि मिली थी. इसी दौरान उसने सोशल मीडिया पर सस्ती USDT (क्रिप्टोकरेंसी) बेचने का विज्ञापन देखा. विज्ञापन पर भरोसा कर छात्र तय स्थान पर पहुंचा, जहां आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर उससे 1.83 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की. तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.45 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है. पुलिस ने एक लैपटॉप और 11 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. जांच में पता चला है कि यह गिरोह फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को सस्ती क्रिप्टोकरेंसी का झांसा देता था और फिर उन्हें बुलाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था. फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m