Holi 2026 : होली का त्योहार चाट के बिना अधूरा रहता है. होली पर अगर कुछ चटपटा, मसालेदार और हेल्दी बनाना है, तो छोला टिक्की चाट एकदम परफेक्ट रहेगी. ये स्वाद में लाजवाब और पेट के लिए भी हल्की होती है. साथ ही घर की बनी पापड़ी से आप कई और डिश भी तैयार कर सकते हैं. अगर आपको चाट खाना पसंद है तो ये रेसिपी जरूर पसंद आएगी. तो चलिए जानते हैं इसकी स्वादिष्ट रेसिपी, जो आपके दोस्तों फैमिली को जरूर पसंद आएगी.

सामग्री

छोले के लिए
काबुली चना -1 कप (रातभर भिगोया हुआ)
चाय पत्ती -1 टीस्पून (पोटली में)
नमक -स्वादानुसार
हल्दी-1/2 टीस्पून
चाट मसाला-1 टीस्पून

टिक्की के लिए

उबले आलू- 3
कॉर्नफ्लोर-2 टेबलस्पून
अदरक-हरी मिर्च पेस्ट-1 टीस्पून
नमक और लाल मिर्च -स्वादानुसार

टॉपिंग के लिए

फेंटा हुआ दही
इमली की मीठी चटनी
हरी चटनी
बारीक कटा प्याज
टमाटर
धनिया पत्ती
सेव
अनार के दाने (वैकल्पिक)

विधि

  1. भीगे हुए चनों को कुकर में नमक, हल्दी और चाय पत्ती की पोटली के साथ उबाल लें. नरम होने पर चाय पत्ती निकाल दें और ऊपर से चाट मसाला डालें.
  2. उबले आलू मैश करें. उसमें नमक, मिर्च, अदरक-हरी मिर्च पेस्ट और कॉर्नफ्लोर मिलाएं. छोटी-छोटी टिक्की बनाकर तवे पर हल्का सुनहरा होने तक सेक लें.
  3. एक कप मैदा में थोड़ा नमक और 1 टेबलस्पून तेल मिलाएं. कड़ा आटा गूंथें, पतली पूरी बेलकर कांटे से छेद करें. छोटे गोल आकार में काटकर धीमी आंच पर कुरकुरी तल लें.

चाट सजाने का तरीका

प्लेट में पहले टिक्की रखें. ऊपर से छोले डालें. दही, हरी चटनी और इमली की चटनी डालें.प्याज, टमाटर, सेव और धनिया से सजाएं. अंत में चाट मसाला और अनार दाने डालें.

टिप्स

  1. हेल्दी विकल्प के लिए टिक्की को शैलो फ्राई या एयर फ्राई करें.
  2. पापड़ी को एयरटाइट डिब्बे में रखकर 10–15 दिन तक इस्तेमाल कर सकते हैं.
  3. बची हुई पापड़ी से पापड़ी चाट, दही पापड़ी या भेल भी बना सकते हैं.