भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। दुर्घटना भागलपुर-सुल्तानगंज एनएच-80 पर दिलगौरी मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि भागलपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गुमटी से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कार चला रहे अमित कुमार करीब आधे घंटे तक स्टीयरिंग में फंसे रहे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
दो लोगों की मौत हो गई
सभी घायलों को तुरंत सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नारायणपुर नवटोलिया निवासी 28 वर्षीय नितेश मिश्रा और मिर्जापुर गांव निवासी 34 वर्षीय श्रवण के रूप में हुई है।
कार मुखिया अमित कुमार की बताई जा रही
घायलों में कोलगामा के चंदन ठाकुर (45), नवादा तिलकपुर के पीयूष कुमार (23), ललित यादव तथा तिलकपुर निवासी मुखिया और कार चालक अमित कुमार सहित कुल सात लोग शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार मुखिया अमित कुमार की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

