बेगूसराय। जिले के NH-122-बी (पुराना NH-28) पर गुरूवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अपनी बहनों से मिलकर घर लौट रहे दो युवकों की आमने-सामने की टक्कर में जान चली गई, जबकि बाइक पर सवार दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

​आमने-सामने की जोरदार टक्कर

हादसा जीरोमाइल और बरौनी थाना क्षेत्र के बीच एक पेट्रोल पंप के पास हुआ। रिफाइनरी थाना क्षेत्र के महना निवासी सुशील कुमार (25) अपनी बहन से मिलकर तेघड़ा से लौट रहा था। वहीं, समस्तीपुर के कृष्णमोहन राय (30) सिमरिया में अपनी बहन के घर से भांजियों को लेकर गांव जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुशील और कृष्णमोहन की मौके पर ही मौत हो गई।

​बच्चियां अस्पताल में भर्ती

हादसे में कृष्णमोहन की दो भांजियां, 11 वर्षीय पायल और 14 वर्षीय मौसम (निवासी सिमरिया), गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को तुरंत ग्लोकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

​अस्पताल में परिजनों का हंगामा

सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे सुशील के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। कृष्णमोहन के ससुराल और सिमरिया से भी भारी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है।