सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में जमीनी विवाद को लेकर हो रही पंचायती उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई, जब दोनों पक्षों के बीच अचानक चाकूबाजी शुरू हो गई। इस हमले में चार लोग घायल हो गए, जिसमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी घटना छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर की है।

बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठी थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते चाकू निकल आए और एक-दूसरे पर हमला शुरू हो गया। इस चाकूबाजी में चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अनीश कुमार के रूप में हुई है, जिसे पीठ पर तीन बार चाकू मारा गया है।

सभी घायलों को आनन-फानन में मोतिहारी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान ने बताया कि, इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी: हाथ में शराब की बोतल लेकर डांस करते दिखे पूर्व पैक्स अध्यक्ष, VIDEO वायरल